Headlines

दिल्ली: फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 6 गिरफ्तार


आज के दौर में जरूरत पड़ने पर लोग बैंक या फाइनेंस कंपनियों से लोन लेने की कोशिश करते हैं, लेकिन अगर कोई फोन करके कम या शून्य ब्याज दर पर लाखों रुपये का लोन दिलाने का दावा करे, तो सावधान रहने की जरूरत है. दिल्ली में ऐसे ही एक झांसे में आकर एक शख्स को 10 लाख रुपये से ज्यादा की चपत लग गई.

खुद को बजाज कैपिटल फाइनेंस का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया और फिर इंश्योरेंस व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम वसूल ली. मामले की जांच में जुटी रोहिणी जिला पुलिस ने जब इस ठगी के पीछे चल रहे नेटवर्क का पता लगाया, तो रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ. पुलिस ने यहां छापेमारी कर महिला टीम लीडर और मैनेजर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

दिल्लीः राहुल गांधी पर AI वीडियो पर भड़की यूथ कांग्रेस, BJP-AAP से माफी की मांग

20 लाख के लोन का भरोसा देकर 10.15 लाख रुपये की ठगी

पुलिस के मुताबिक, विजय विहार फेज-2 के रहने वाले विकास ने शिकायत दी थी कि कुछ लोगों ने खुद को बजाज कैपिटल फाइनेंस का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया. आरोपियों ने कम या शून्य ब्याज दर पर 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया. इसके बाद लोन की प्रक्रिया के नाम पर इंश्योरेंस और प्रोसेसिंग फीस जमा कराने को कहा गया. पीड़ित आरोपियों के झांसे में आ गया और अलग-अलग भुगतान के जरिए कुल 10 लाख 15 हजार रुपये दे दिए. रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया.

तकनीकी जांच के बाद रमेश नगर में छापेमारी

शिकायत के आधार पर विजय विहार थाने में 17 नवंबर 2026 को FIR दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और साइबर ट्रैकिंग की मदद से उनके डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले गए. इसी जांच के आधार पर पुलिस को रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का सुराग मिला. 17 नवंबर को पुलिस टीम ने यहां छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

मैनेजर और टीम लीडर की निगरानी में चलता था पूरा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर में काम करने का बाकायदा एक ढांचा तैयार किया गया था. यहां फ्लोर मैनेजर और टीम लीडर की निगरानी में टेली-कॉलर्स काम करते थे. लोगों को फोन करने और लोन का भरोसा दिलाने के लिए उन्हें पहले से तैयार बातचीत की स्क्रिप्ट दी गई थी. इसी के जरिए लोगों को आकर्षक ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था.

टीम लीडर और मैनेजर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में शाहदरा की रहने वाली 32 वर्षीय महिला को टीम लीडर और रघुवीर नगर निवासी 24 वर्षीय जतिन को मैनेजर के तौर पर गिरफ्तार किया है. इनके अलावा उत्तम नगर के नीरज (39), द्वारका के आकाश (28), विकास नगर के सन्नी (34) और वजीरपुर के दया प्रसाद (34) को भी गिरफ्तार किया गया है. ये चारों कॉल सेंटर में टेली-कॉलर के तौर पर काम करते थे.

कॉलिंग स्क्रिप्ट और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने वायर्ड लैंडलाइन फोन, फिक्स्ड वायरलेस टर्मिनल, वाई-फाई राउटर, मोबाइल फोन और पहले से लिखी गई फर्जी कॉलिंग स्क्रिप्ट वाले नोटपैड बरामद किए हैं. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य पीड़ितों की पहचान करने, पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने और पूरे नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने में जुटी है. मामले में आगे की जांच जारी है.

दिल्ली-NCR में ठंड का कहर, कई इलाकों में AQI 350 के पार; प्रदूषण से हाल बेहाल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *