अमेरिका की संघीय अदालत ने खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की अमेरिकी धरती पर हत्या की नाकाम साजिश में भूमिका निभाने के लिए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीनों तक यानी 19 साल से ज्यादा वक्त तक जेल की सजा सुनाई है.
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी जिला जज विक्टर मार्रेरो ने शुक्रवार (20 नवंबर, 2026) को करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने यानी 19 साल और 7 महीने की जेल की सजा सुनाई.
यह सजा ऐसे मामले में एक बड़ा घटनाक्रम है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था. अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि भारतीय सरकार से जुड़े लोगों की पन्नू की हत्या की साजिश में भूमिका थी, जो अमेरिकी-कनाडाई की दोहरी नागरिकता वाला खालिस्तानी आतंकवादी है.
निखिल गुप्ता ने तीन आरोपों को किया था स्वीकार
55 वर्षीय भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में तीन आरोपों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था. इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोप शामिल हैं. ये आरोप साल 2023 में न्यूयॉर्क में खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश करने के उनके कोशिश से जुड़े थे.
सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने क्या कहा था?
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान आरोपी निखिल गुप्ता ने एक छोटा बयान दिया और साजिश में अपनी संलिप्तता को लेकर खेद जताया. वहीं, पन्नू ने अदालत को बताया कि अपनी जान को खतरा होने की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1,200 दिनों से ज्यादा वक्त तक नियमित रूप से अपनी कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर सके. सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक भी कोर्ट के बाहर जुटे. उन्होंने निखिल गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले लेकर प्रदर्शन किया.
यह भी पढ़ेंः 34,470 करोड़ के परियोजनाओं की सौगात, छात्रों से संवाद…, PM मोदी के 3 राज्यों का दौरा क्यों खास
