Headlines

नागपुर का बदला जाएगा नाम? ‘दीक्षाभूमि’ नई पहचान! UBT की मांग को मिला कांग्रेस का समर्थन


शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) ने नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ किए जाने की शुक्रवार को मांग की. उनकी यह मांग मुंबई में दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले के बीच आई है.

संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर ने अक्टूबर 1956 में नागपुर में अपने अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपना लिया था. राउत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पूरा देश डॉ. आंबेडकर का सम्मान करता है और उनमें गहरी आस्था रखता है.

‘नाम बदलकर दीक्षाभूमि करने में क्या दिक्कत’

उन्होंने कहा, ‘दादर तो बस एक स्टेशन है. डॉ. आंबेडकर को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यह होगा कि नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ कर दिया जाए. मुख्यमंत्री को इस संबंध में एक प्रस्ताव लाना चाहिए और हम उसका समर्थन करेंगे. डॉ. आंबेडकर के जीवन में सामाजिक क्रांति की शुरुआत नागपुर की दीक्षाभूमि से ही हुई थी. अगर इस मुद्दे पर कोई विवाद पैदा होता है, तो हम सरकार के साथ खड़े रहेंगे.’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में कहा कि मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बदलकर ‘चैत्यभूमि’ कर दिया जाएगा.

दिसंबर 1956 में आंबेडकर के निधन के बाद मध्य मुंबई के दादर इलाके में स्थित चैत्यभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया था. कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने राउत की मांग का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ‘(नागपुर का) नाम बदलकर दीक्षाभूमि कर दिया जाना चाहिए. नाम बदलकर दीक्षाभूमि करने में क्या दिक्कत है?’

वडेट्टीवार ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान को इस तरह से लिखा है कि कोई भी तानाशाह देश में लोकतंत्र को खत्म नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि दुनिया भर से लोग दीक्षाभूमि आते हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘हम संजय राउत की मांग का समर्थन करेंगे.’

शिवसेना यूबीटी की मांग पर क्या बोली बीजेपी?

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि राउत को सबसे पहले दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने के फैसले का स्वागत करना चाहिए.

उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (उबाठा) के नेता महाराष्ट्र नवनिर्मित सेना (मनसे) का इस्तेमाल एक मोहरे के तौर पर कर रहे हैं और दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने की योजना का विरोध कर रहे हैं.

बन ने कहा, ‘वह (राउत) कभी चैत्यभूमि नहीं जाते और न ही डॉ. आंबेडकर के विचारों का प्रचार करते हैं. ऐसे लोगों को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है.’

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागपुर दीक्षाभूमि के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा, ‘नागपुर आने वाला हर व्यक्ति दीक्षाभूमि जरूर जाता है.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *