निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के नेतृत्व में रविवार (22 नवंबर) को अतरौलिया के कांटा वाली बाग में संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन और पदयात्रा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी आजमगढ़ जिले की दो और आजमगढ़ मंडल की चार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. साल 2022 में बीजेपी के साथ गठबंधन के दौरान मिली 16 सीटों में से पार्टी एक भी सीट छोड़ने नहीं जा रही है.
संजय निषाद ने कहा, ”निषाद पार्टी आज उत्तर प्रदेश में किसी पहचान की मोहताज नहीं है. निषाद समाज के आम लोगों ने पार्टी की नींव रखी है. आजमगढ़ हमेशा से पार्टी का केंद्र रहा है. गोरखपुर के बाद आजमगढ़ और अतरौलिया ने पार्टी को कभी निराश नहीं किया.” उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अतरौलिया सीट से निषाद पार्टी के प्रत्याशी ने जनपद की सभी 10 सीटों पर NDA प्रत्याशियों में सर्वाधिक वोट हासिल किए थे. पूरे प्रदेश में एनडीए को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन आजमगढ़ से उनका विशेष लगाव है.
निषाद समाज भी पार्टी को नहीं भूला है- संजय निषाद
उन्होंने आगे कहा, ”पिछले कुछ समय से आजमगढ़ में उनके कम दौरों के कारण कुछ नेताओं ने गलतफहमी पाल ली है कि यहां आकर डेरा डालने से जनपद की सभी सीटों पर कब्जा किया जा सकता है. आजमगढ़ को न तो निषाद पार्टी भूली है और न ही वह स्वयं. यहां का निषाद समाज भी पार्टी को नहीं भूला है.”
‘कुछ छुटभैया नेता समाज को गुमराह करने का कर रहे प्रयास’
समाज के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए डॉ. निषाद ने कहा, ”कुछ छुटभैया नेता कभी इस दल में तो कभी उस दल में रहते हैं और समाज को गुमराह करने का प्रयास करते हैं.” वर्ष 2022 में निषाद समाज को टिकट नहीं देने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट निषाद समाज के व्यक्ति को टिकट देने के उद्देश्य से मिली थी. उन्होंने जनपद के एक निषाद नेता से संपर्क भी किया था, लेकिन उन्होंने निषाद पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया.
उन्होंने आगे कहा कि इसी तरह कटहरी विधानसभा सीट पर भी एक पूर्व मंत्री को टिकट देने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने भी चुनाव लड़ने से मना कर दिया. इसके बाद दूसरे समाज के प्रत्याशियों को टिकट दिया गया.
‘आजमगढ़ की विधानसभा सीटों पर निषाद समाज को प्राथमिकता’
डॉ. निषाद ने घोषणा करते हुए कहा कि आजमगढ़ की विधानसभा सीटों पर सबसे पहले स्थानीय निषाद समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी. चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल में हों, बशर्ते उनमें चुनाव जीतने की क्षमता हो. उन्होंने कहा, ”वर्ष 2022 में भी पार्टी ने दूसरे दलों से जुड़े दो लोगों को टिकट दिया था और आज वे दोनों विधायक हैं. विधानसभा में समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी समाजों की भागीदारी जरूरी है.
‘कोई भी पार्टी सिर्फ एक समाज के सहारे सफल नहीं हो सकता’
उन्होंने कहा, ”कोई भी राजनीतिक दल सिर्फ एक समाज के सहारे सफलता हासिल नहीं कर सकता. विपक्षी दलों के कुछ नेताओं पर परिवारवाद और राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे नेता दूसरी पार्टियों के कार्यक्रमों में दरी बिछाने तक सीमित रह जाते हैं.” उन्होंने कहा कि जब उनके बेटे के विधायक बनने पर कुछ लोगों को परेशानी होती है, तो यह उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है.
‘निषाद पार्टी अपने अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी’
महासम्मेलन में डॉ. संजय निषाद ने कहा, “हम महाराज गुह्यराज निषाद जी के वंशज हैं. हम पहले किसी को छेड़ते नहीं हैं, किंतु हमें कोई छेड़ता है तो हम छोड़ते भी नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अपने अधिकारों और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी. यदि किसी को पार्टी के चुनाव लड़ने के फैसले पर आपत्ति है, तो वह बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से बात कर सकता है.
उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी विचारों और शालीनता की राजनीति करने आई है, किसी की जमीन पर कब्जा करने नहीं. पार्टी अपने अधिकार और गठबंधन में मिली हिस्सेदारी को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है.
‘रामपुर वाले चचाजान से एक्सपर्ट एडवाइस ले लीजिए’, अखिलेश पर बरसे राजभर
