फिल्म रामायण को लेकर कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है. कांग्रेस नेता प्रताप खाचरियावस ने कहा, “भगवान राम के नाम पर वोट लेने वाली BJP कंगना रनौत की फिल्म को टैक्स फ्री कर देती है, लेकिन रामायण को अभी तक नहीं किया गया, तुरंत टैक्स फ्री की जाए. रणबीर कपूर और साईं पल्लवी की फिल्म रामायण को टैक्स फ्री नहीं किए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी को घेरा है.
राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का कहना है कि बीजेपी सिर्फ भगवान राम के नाम का इस्तेमाल करना जानती है. कांग्रेस नेता ने फिल्म को तुरंत टैक्स फ्री किए जाने की मांग की. उन्होंने कहा, “उसे भगवान राम के जीवन और आदर्शों पर बनी फिल्म रामायण से कोई लेना-देना नहीं है.”
उन्होंने कहा, “फिल्म में भगवान राम की मर्यादा और उनके आदर्श को बहुत अच्छे तरीके से बताया गया है. इसलिए इस फिल्म को तुरंत टैक्स फ्री कर देना चाहिए.” पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का कहना है कि बीजेपी की सरकारों ने अपनी पार्टी की सांसद कंगना रनौत की फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया था, लेकिन करीब तीन हफ्ते का वक्त बीतने के बावजूद रामायण फिल्म को अभी तक टैक्स फ्री नहीं किया गया है.
कंगना रनौत की फिल्म को लेकर क्या बोले कांग्रेस नेता?
कांग्रेस नेता ने के मुताबिक बीजेपी कंगना रनौत को भगवान राम से भी ऊपर मानती है. बीजेपी वाले अभी तक भगवान राम की कृपा से ही जीतते रहे हैं. अब उसे उनके गुस्से का भी खामियाजा भुगतना पड़ेगा. राजस्थान से इसकी शुरुआत हो चुकी है. इसका असर यूपी के चुनाव में भी देखने को मिलेगा. भगवान राम की नाराजगी के चलते बीजेपी यूपी में भी बुरी तरह हारेगी.
धीरेंद्र शास्त्री को लेकर बरसे कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता ने निशाना साधते हुए कहा, “धीरेंद्र शास्त्री की कथाएं भी बीजेपी को बचा नहीं पाएंगी. धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम और कृष्ण की कथाएं सुनाने के लिए जाते हैं, लेकिन वह ज्यादातर समय खुद को चर्चाओं में बनाए रखने के लिए बोलते रहते हैं. धीरेंद्र शास्त्री को चाहिए कि वह भगवान राम और कृष्ण के बजाय अपनी कथा ही सुनाना शुरू कर दें.”
उन्होंने आगे कहा, “देश में जहां-जहां बीजेपी की सरकार हैं, वहां-वहां तुरंत फिल्म रामायण को टैक्स फ्री कर देना चाहिए. इतना ही नहीं इतना ही नहीं स्कूली बच्चों को थिएटर तक ले जाकर उन्हें मुफ्त में यह फिल्म दिखानी चाहिए. बच्चे अगर फिल्म के जरिए भगवान राम के बारे में और ज्यादा जानेंगे तो वह उनके आदर्शों को और ज्यादा मानेंगे.”
विश्व हिंदू परिषद के सवालों पर दी यह प्रतिक्रिया
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने विश्व हिंदू परिषद द्वारा फिल्म को लेकर उठाए गए सवालों को भी गलत बताया है. उन्होंने कहा है कि टैक्स फ्री से बचने के लिए विश्व हिंदू परिषद एक बेवजह का विवाद खड़ा कर रही है. फिल्म में रावण का महिमा मंडन कहीं नहीं किया गया है. बल्कि यह पूरी फिल्म भगवान राम पर ही आधारित है. त्रेता युग में हुई घटनाओं को ही इसमें दिखाया गया है.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस फिल्म को बीजेपी फाइनेंस कर रही होती या उससे जुड़े किसी निर्माता निर्देशक ने बनाया होता तो अब तक यह फिल्म कब की टैक्स फ्री हो चुकी होती. हिंदू मुसलमानों को आपस में लड़ाने वाली कई फिल्मों को बीजेपी राज में टैक्स फ्री किया गया है. प्रताप सिंह खाचरियावास का कहना है कि अगर रामायण फिल्म को टैक्स फ्री नहीं किया गया तो राम भक्त लोग बीजेपी को करारा जवाब देंगे.
उनका कहना है कि कंगना रनौत की फिल्म के प्रमोशन के कार्यक्रमों में वहां के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी खुद को राम भक्त कहते हैं लेकिन उन्होंने अपने राज्य में भी रामायण फिल्म को टैक्स फ्री नहीं किया है. अगर फिल्म को टैक्स फ्री नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी राम भक्तों के बीच जाकर बीजेपी की पोल खोलने का काम करेगी.
टोंक में चुनाव हारने पर स्ट्रीट लाइट हटाने का आरोप, अशोक गहलोत ने BJP को घेरा
