Headlines

‘गांधी परिवार के गढ़ में सिर्फ एक सीट…’, कांग्रेस से सपा की नाराजगी की क्या है वजह?


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर टकराव बढ़ता नजर आ रहा है. कांग्रेस ने पहले विधानसभा चुनाव में 131 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी थी, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसके जवाब में कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा. 

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा नाराजगी अमेठी और रायबरेली को लेकर है. गांधी परिवार के इन पारंपरिक गढ़ों में कांग्रेस सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि सपा ने अपनी सूची में दोनों क्षेत्रों को मिलाकर केवल एक सीट देने की पेशकश की है. मंगलवार को दोनों दलों के बीच हुई बातचीत में कांग्रेस ने अपनी मांग घटाकर 120 सीटें कर दी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी.

सपा ने सीटों के लिए तय किया अलग फॉर्मूला
सपा के सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से सीटों की मांग के पीछे कोई स्पष्ट आधार नहीं बताया जा रहा है. सोमवार को हुई बैठक में भी कांग्रेस नेताओं से 131 सीटें मांगने का फॉर्मूला पूछा गया था. कांग्रेस ने करीब 30 सीटों के लिए तर्क दिया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में पार्टी आगे रही थी, लेकिन बाकी 90 सीटों के लिए कोई ठोस आधार नहीं दिया गया.

सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों को आधार बनाया है. इनमें चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि दो सीटों पर उसने जीत दर्ज की थी. इसके अलावा पार्टी को 20 अन्य सीटों का प्रस्ताव दिया गया है.

इन 26 सीटों पर कांग्रेस को मिला प्रस्ताव
कांग्रेस ने 2022 में रामपुर खास और फरेंदा सीटें जीती थीं. इसके अलावा मथुरा, खेरागढ़ (आगरा), जगदीशपुर (अमेठी) और किदवई नगर (कानपुर) में पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी.

सपा की ओर से प्रस्तावित अन्य 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर (गाजियाबाद), हापुड़, जेवर (गौतमबुद्ध नगर), स्याना और खुर्जा (बुलंदशहर), खैर (अलीगढ़), इगलास (हाथरस), मांट (मथुरा), आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी (आगरा), बिलग्राम-मल्लावां (हरदोई), गोविंद नगर (कानपुर), नानपारा (बहराइच), गोरखपुर शहर, खजनी (संतकबीर नगर), पडरौना और फाजिलनगर (कुशीनगर), पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं.

इन सीटों का क्षेत्रवार बंटवारा देखें तो 11 पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दो मध्य उत्तर प्रदेश और सात पूर्वी उत्तर प्रदेश की हैं. सपा संगठन के लिहाज से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुद को अपेक्षाकृत कमजोर मानती है.

कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी
सपा की ओर से 26 सीटों की सूची मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई. सीट बंटवारे की बातचीत में शामिल एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि अमेठी और रायबरेली में पार्टी को केवल एक सीट देने का प्रस्ताव समझ से परे है. उन्होंने सवाल उठाया कि 403 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें कैसे दी जा सकती हैं. नेता ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 80 में से 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इस मामले में पार्टी बैठक के बाद अपना औपचारिक पक्ष रखेगी.

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी बहस भी हुई.

2022 के नतीजों को बनाया सीटों का आधार
सपा की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिन 11 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, उन सभी पर 2022 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी. उस समय अखिलेश यादव की सहयोगी रही जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) इनमें से सात सीटों पर दूसरे स्थान पर थी. दो सीटों पर बसपा और दो पर सपा दूसरे नंबर पर रही थी.

मध्य उत्तर प्रदेश की दो सीटों में बिलग्राम-मल्लावां में सपा दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि गोविंद नगर में उसे 80,896 वोटों के बड़े अंतर से हार मिली थी.

पूर्वी उत्तर प्रदेश की सभी सात सीटों पर 2022 में सपा दूसरे स्थान पर रही थी. इन सभी सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की थी. इनमें छह सीटें भाजपा और एक सीट नानपारा अपना दल (सोनेलाल) के खाते में गई थी. प्रस्तावित सीटों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर शहर विधानसभा सीट भी शामिल है.

यह भी पढ़िएः Explained: कांग्रेस के 130 सीटों की मांग बनाम सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव, क्यों नहीं बन रही सहमति? कहां मतभेद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *