Anemia In Indian Women Data: भारत में महिलाओं में एनीमिया यानी खून की कमी की स्थिति अब भी चिंता का विषय बनी हुई है. इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 20 से 59 साल की आधे से ज्यादा महिलाएं एनीमिया से जूझ रही हैं. छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब में 70 फीसदी से ज्यादा महिलाओं में एनीमिया पाया गया है.
आईसीएमआर की ओर से 2023 से 2025 के बीच किए गए ‘जनसंख्या हेल्थ, एक्टिविटी, डाइट और शरीर से जुड़े आंकड़ों का आकलन सर्वे’ में देशभर में एनीमिया और पोषण की कमी को लेकर आंकड़े सामने आए हैं. इस सर्वे में अलग-अलग उम्र के लोगों की सेहत और खान-पान से जुड़ी स्थिति का पता लगाया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक में 20 से 59 साल की 48 फीसदी से ज्यादा महिलाओं में एनीमिया पाया गया. वहीं 15 से 49 साल की महिलाओं यानी प्रजनन आयु वर्ग में यह आंकड़ा करीब 50 फीसदी है. हालांकि, ये आंकड़े राष्ट्रीय औसत से कम हैं. देशभर में 20 से 59 साल की करीब 55 फीसदी और 15 से 49 साल की करीब 56 फीसदी महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं.
दक्षिण भारत में केरल टॉप पर
दक्षिण भारत के पांच राज्यों की बात करें तो केरल इस मामले में सबसे बेहतर स्थिति में है. वहां 20 से 59 साल की करीब 28 फीसदी और 15 से 49 साल की 29 फीसदी महिलाओं में एनीमिया पाया गया. वहीं आंध्र प्रदेश की स्थिति सबसे खराब रही. राज्य में दोनों आयु वर्गों में 68 फीसदी से ज्यादा महिलाओं में एनीमिया दर्ज किया गया. तेलंगाना में 20 से 59 साल की 51 फीसदी और 15 से 49 साल की 54 फीसदी महिलाओं में यह समस्या मिली. तमिलनाडु में ये आंकड़े क्रमशः 51.4 फीसदी और 53 फीसदी रहे. उत्तर और मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में रहा. यहां करीब 40 फीसदी महिलाओं में एनीमिया पाया गया.
एनीमिया की स्थिति चिंताजनक
आईसीएमआर की रिपोर्ट में 10 से 19 साल की लड़कियों को लेकर भी आंकड़े जारी किए गए हैं. देश में इस उम्र की 46 फीसदी से ज्यादा लड़कियों में एनीमिया पाया गया है. छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा सबसे ज्यादा 65.4 फीसदी रहा. इसके बाद गुजरात में 61.4 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 60.4 फीसदी, बिहार में 57.6 फीसदी, आंध्र प्रदेश में 51.9 फीसदी और राजस्थान में 50.2 फीसदी किशोरियां एनीमिया से प्रभावित मिलीं.

एनीमिया की गंभीरता को भी तीन स्तरों में बांटा गया
हैदराबाद स्थित आईसीएमआर के राष्ट्रीय पोषण संस्थान की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट में एनीमिया को तीन श्रेणियों में बांटा गया है- हल्का, मध्यम और गंभीर. रिपोर्ट के मुताबिक, एनीमिया से प्रभावित करीब आधी महिलाओं में इसकी स्थिति हल्की है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एनीमिया से प्रभावित महिलाओं, गर्भवती और ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में करीब आधे मामलों में एनीमिया हल्के स्तर का है. ऐसे मामलों में मध्यम या गंभीर एनीमिया की तुलना में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा कम होता है.
इसे भी पढ़ें: 7 दिन में गोरा बनाने का दावा कितना खतरनाक? क्रीम खरीदते समय रखें ध्यान
आयरन की कमी भी बड़ी वजह
आईसीएमआर की रिपोर्ट में एनीमिया के पीछे आयरन की कमी को भी एक प्रमुख कारण बताया गया है. महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के करीब आधे मामलों में आयरन की कमी की भूमिका है. यह कमी खास तौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों,लड़कियों और प्रजनन आयु की महिलाओं में देखने को मिलती है.
इसे भी पढ़ें: आम लोगों के लिए कितना महंगा हुआ इलाज कराना, किस राज्य में सबसे ज्यादा खर्च?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
