केन विलियमसन को बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है. 2027 SA20 लीग के लिए डरबन सुपर जायंट्स ने विलियमसन को हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपी है. विलियमसन ने लांस क्लूजनर को रिप्लेस किया है, जो 2023 के पहले सीजन से ही टीम के साथ जुड़े हुए थे. विलियमसन ने इसी साल जुलाई में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था.
बता दें कि विलियमसन 2025 और 2026 में डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे. अब आगामी सीजन में वह टीम के लिए हेड की जिम्मेदारी अदा करेंगे. उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 15 मैच खेले, जिनकी 13 पारियों में बैटिंग करते हुए 34.30 की औसत और 119.51 स्ट्राइक रेट से 343 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले, जिसमें हाई स्कोर 60* रनों का रहा.
पूर्व कीवी बल्लेबाज फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक (क्रिकेट डायरेक्टर) टॉम मूडी के साथ मिलकर काम करेंगे, जबकि रयान कुक बल्लेबाजी कोच, भरत अरुण तेज गेंदबाजी कोच, कार्ल क्रो स्पिन गेंदबाजी कोच और कुशेन किशन फील्डिंग कोच होंगे.
Familiar colours. New Role. One Super Giant ambition. Kane Williamson takes his first step into head coaching ❤️💙 #DSG #WelcomeKane https://t.co/y722juOGsw
— Durban’s Super Giants (@DurbansSG) November 25, 2026
2024 तक आईपीएल में खेले
विलियमसन ने 2014 से 2024 तक यानी 10 साल आईपीएल खेला. इस दौरान उन्होंने 79 मैच खेले, जिनकी 77 पारियों में बैटिंग करते हुए 35.46 की औसत और 125.61 स्ट्राइक रेट से 2128 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 18 अर्धशतक निकले, जिसमें हाई स्कोर 89 रनों का रहा. वह सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के लिए खेले. हैदराबाद के लिए उन्होंने कप्तानी भी की.
केन विलियमसन का अंतर्राष्ट्रीय करियर
केन विलियमसन ने अपने करियर में 110 टेस्ट, 175 वनडे और 93 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. टेस्ट की 195 पारियों में बैटिंग करते हुए उन्होंने 54.06 की औसत से 9515 रन बनाए. उनके बल्ले से 33 शतक और 38 अर्धशतक निकले, जिसमें हाई स्कोर 251 रनों का रहा. वनडे की 167 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कीवी खिलाड़ी ने 48.69 की औसत से 7256 रन बनाए. इसमें 15 शतक और 47 अर्धशतक हैं, जिसमें हाई स्कोर 148 रन का रहा. टी20 इंटरनेशनल की 90 पारियों में विलियमसन ने 33.44 की औसत और 123.08 के स्ट्राइक रेट से 2575 रन बनाए, जिसमें 18 फिफ्टी शामिल हैं. हाई स्कोर 95 रनों का है.
यह भी पढ़ें: एक मैच में शतक और 5 विकेट, दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने रचा इतिहास
