हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता वरुण धवन अपने 14 साल के करियर में कई तरह की फिल्मों में नजर आ चुके हैं. रोमांस, एक्शन से लेकर कॉमेडी तक उन्होंने सभी जॉनर की फिल्में की हैं. वहीं उन्होंने हॉरर कॉमेडी में भी हाथ आजमाया है. चार साल पहले इसी जॉनर की उनकी फिल्म ‘भेड़िया’ रिलीज हुई थी. अब मेकर्स ने इसके सीक्वल का भी ऐलान कर दिया है.
‘भेड़िया’ के सीक्वल का हुआ ऐलान
बता दें कि वरुण धवन और कृति सेनन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म भेड़िया 24 नवंबर 2022 को रिलीज हुई थी. दर्शकों ने इस हॉरर कॉमेडी मूवी को काफी पसंद किया था. फिल्म के चार साल पूरे होने के बाद इसके डायरेक्टर अमर कौशिक ने इसके अगले पार्ट का ऐलान दिया. साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म के फ्लोर पर आने में आखिर देरी क्यों हो रही है?
बुधवार, 25 नवंबर को अमर कौशिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर करते हुए भेड़िया 2 पर मुहर लगा दी है. अमर ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें ऑफिस के अंदर एक भेड़िया गुस्से में तोड़-फोड़ कर रहा है. इसके बाद वो अपने असली रूप में आकर स्टडी टेबल और लैपटॉप को भी तोड़ देता है. इस क्लिप को शेयर करते हुए अमर कौशिक ने कैप्शन में लिखा, ‘भेड़िया बिल्कुल खुश नहीं है कि स्क्रिप्ट लिखने में इतना समय क्यों लग रहा है… अब क्या करें? जल्द आ रहा है भेड़िया अंकल.’
‘भेड़िया’ के बारे में
अमर कौशिक के डायरेक्शन में बनी भेड़िया का निर्माण दिनेश विजन और ज्योति देशपांडे ने किया था. नवंबर 2022 में ये मूवी सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसमें वरुण सड़क बनाने वाले एक ठेकेदार के रोल में नजर आए थे, जिसे बाद में एक भेड़िये ने काट लिया था. इसके बाद वरुण ‘वेयरवोल्फ’ (भेड़िया-मानव) में बदलने लगे थे. जबकि उनके साथ कृति सेनन वेटेरिनेरियन के किरदार में नजर आई थीं.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला था भेड़िया का जादू
अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भेड़िया को मेकर्स ने 60 करोड़ रुपये के बजट में बनाया था. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में मूवी की कमाई 79.35 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 89.97 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी.
