अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मौजूदगी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (White House Correspondents Dinner) के दौरान फायरिंग की घटना हुई है. इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से लेकर अलग-अलग दल के नेताओं की ओर से प्रतिक्रिया आने लगी है. बिहार से आरजेडी और कांग्रेस ने भी बयान दिया है. दोनों पार्टियों ने घटना की निंदा की है.
आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने इस घटना पर रविवार (26 अप्रैल, 2026) को एबीपी न्यूज़ से कहा, “लोकतंत्र में इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए. इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम होगा. यह ताज्जुब वाली बात है कि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश और वहां व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग होना, ये बहुत बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. इसकी जांच होनी चाहिए.”
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने साफ शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में हिंसात्मक घटना की कोई जगह नहीं है. आरजेडी इस घटना की निंदा करती है.
यह भी पढ़ें- ‘आम आदमी पार्टी ने जो पाप…’, BJP का अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला, कर दी ‘शीशमहल’ की बात
कांग्रेस ने कहा- कहीं से भी ये जायज नहीं
इस घटना पर बिहार कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि व्हाइट हाउस की घटना कहीं से भी जायज नहीं है. विचारों का जवाब विचारों से देना चाहिए. असहमति का जवाब असहमति से होना चाहिए, लेकिन हिंसात्मक घटना कहीं से भी उचित नहीं है. लोकतंत्र में इसकी कोई जगह नहीं है.
शिवसेना यूबीटी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस घटना पर अमेरिका को नर्क बताया है. इस पर असित नाथ तिवारी ने कहा कि हम प्रियंका चतुर्वेदी के बयान से सहमत नहीं हैं. इसका समर्थन नहीं करते हैं. भारत संतों का देश है हमारे संतों ने कहा है कि पूरी धरती मां है, तो अमेरिका भी है. पश्चिमी देशों के लोगों ने इसे नर्क बनाने का काम किया है, लेकिन कोई धरती नर्क नहीं है.
यह भी पढ़ें- Bihar: महिलाओं पर टिप्पणी को लेकर पप्पू यादव की बढ़ीं मुश्किलें, जेडीयू नेता ने दर्ज कराई FIR
