लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तेज कर दी हैं. बिहार से एलजेपी सांसद और यूपी प्रभारी अरुण भारती पार्टी के संगठन को मजबूती देने के लिए भदोही पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. अरुण भारती ने आरोप लगाया कि सपा, बसपा, अपना दल और निषाद पार्टी सहित अन्य पार्टियां लोगों को छलने का काम कर रहे हैं. दलितों को वोट बैंक समझकर उनका शोषण किया जा रहा है.
भदोही के गोपीगंज में चिराग़ पासवान के जीजा और जमुई से सांसद अरुण भारती ने यूपी चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की. इस बैठक में उन्होंने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाते हुए स्पष्ट किया कि पूरे पूर्वांचल, महानगरों सहित हर जिले में संगठन की बैठक चल रही है उसका आकलन कर पार्टी के मजबूती पर जोर दिया जा रहा है.
2027 में यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान
अरुण भारती ने कहा कि हम लोग यूपी में आगामी सभी चुनाव 2027 के लिये लड़ेंगे, अकेले लड़ेंगे या गठबंधन में लड़ेंगे इसका अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ही करेंगे. अरुण भारती ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी चिराग पासवान ने संगठन को नई ऊंचाई दी जिससे भाजपा उनके साथ गठबंधन को मजबूर हो गई. अब वही ‘बिहार मॉडल’ अब यूपी में भी लागू करेंगे.
सीएम योगी पर लगाया बड़ा आरोप
लोजपा नेता ने भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार पर बड़ा आरोप लगाते कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में केवल एक समाज एक तबके (ठाकुर) को लाभ मिल रहा है और अन्य सभी समाज पीड़ित है, चाहे आप दलित समाज, सवर्ण समाज, पण्डित ब्राह्मण समाज पीड़ित है, एक जाति को छोड़ बाकी सबके साथ अन्याय किया जा रहा है. विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में राजनीतिक दल ब्राह्मणों और दलितों को छल रहे है, उन्हें आम की तरह चूस के फेंका जा रहा है.
अखिलेश यादव को बताया ठग
अरुण भारती ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को ठग बताया और कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में इन्होंने आरक्षण का प्रपंच रचा और कहा कि संविधान ख़त्म हो जाएगा आरक्षण ख़त्म हो जाएगा और इसके एवज में वो दलित समाज का वोट लेकर चले गये. आज जब उसी दलित समाज पर मुसीबत आती है तो सपा और अखिलेश यादव कही दिखाई नहीं देते.
उन्होंने कहा कि अब दलित समाज को जागना होगा क्योंकि, उत्तर प्रदेश में राम विलास पासवान और उनकी पार्टी ही उस समय पासी समाज, पासवान समाज और दलित समाज सहित हर पीड़ित समाज को एकजुट कर उनके लिये लड़ाई लड़ी और न्याय दिलाने का काम किया.
