Headlines

उत्तराखंड में बारिश-ओलावृष्टि से हालात बेकाबू, उत्तरकाशी हाईवे बना ‘झरना’, 30 पर्यटक फंसे


रविवार की सुबह उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली और घने काले बादलों ने दिन को रात में तब्दील कर दिया. देहरादून में तड़के से ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. नदी-नाले उफान पर आ गए, कई मोहल्लों में पानी भर गया और जगह-जगह ओले गिरने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए.

सबसे डरावना नजारा उत्तरकाशी में देखने को मिला. गंगोत्री नेशनल हाईवे पर मनेरी के पास पहाड़ी से अचानक इतने जोर से पानी का रेला आया कि देखते ही देखते वहां एक विशाल झरना बन गया. राजमार्ग पर चल रहे राहगीर और वाहन चालक हक्के-बक्के रह गए. जो जहां था, वहीं से भागा. किसी तरह लोगों ने अपनी जान बचाई. हाईवे कुछ देर के लिए अवरुद्ध हो गया और यातायात थम गया.

यह भी पढ़ें: मथुरा के बाद अब हापुड़ में बंदरों का आतंक, मॉर्निंग वॉक पर गए व्यक्ति पर किया जानलेवा हमला

आंधी में बह गए हटमेंट, 30 सैलानियों को SDRF ने बचाया

शनिवार शाम टिहरी झील के डोबरा-चाटी क्षेत्र में अचानक आई आंधी ने कहर बरपाया. झील पर बने फ्लोटिंग हटमेंट तूफान की चपेट में आ गए. कुछ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, कुछ पानी में बह गए. इस हादसे में करीब 25 से 30 पर्यटक झील क्षेत्र में फंस गए. SDRF की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई जनहानि नहीं हुई.

नैनीताल और अल्मोड़ा में भी मचा हड़कंप

नैनीताल जिले के हल्द्वानी, कोटबाग, कालाढूंगी और खुर्पाताल में सुबह-सुबह भारी ओलावृष्टि हुई. फसलों और बागानों को नुकसान पहुंचने की खबर है. वहीं अल्मोड़ा में शनिवार देर शाम आए तूफान ने नगर में अफरा-तफरी मचा दी. नगर निगम भवन की रेलिंग ढह गई और कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हरिद्वार में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि ऊधम सिंह नगर के खटीमा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई.

मौसम विभाग की चेतावनी-पांच जिले संवेदनशील

मौसम केंद्र देहरादून ने पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ को अगले 24 घंटों के लिए विशेष रूप से संवेदनशील बताया गया है. 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और गर्जना के साथ आंधी की आशंका जताई गई है. मैदानी और पहाड़ी, दोनों इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है.

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

4 मई को पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ा रहेगा. हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं. 5 मई को पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा. ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है. 6 मई तक मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा, लेकिन छिटपुट बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी. देहरादून में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 20°C के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें: शामली: लव ट्रायंगल में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा; अन्य की तलाश जारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *