यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद लगातार राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उनके परिवार से मुलाकात कर रही हैं. इसी कड़ी में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान अंकित बालियान के परिवार से मिलने पहुंचे. दोनों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात के दौरान परिवार का साहस बढ़ाया. इस दौरान मासूम शर्मा ने अंकित बालियान की पत्नी से भी अलग से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी. बताया जा रहा है कि अंकित की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है और लगातार न्याय की मांग कर रहा है.
स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन में दिल्ली पुलिस, बुलंदशहर से हिरासत में लिया
परिवार से मुलाकात के बाद क्या बोले मासूम शर्मा?
मीडिया से बातचीत करते हुए मासूम शर्मा ने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि जब अपराध बढ़ते हैं तो इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं. उन्होंने कहा कि कलाकारों और अन्य लोगों को समय-समय पर धमकियां भी मिलती रहती हैं. मासूम शर्मा ने बताया कि अन्य साथी भी अंकित के परिवार से मिलने पहुंचे हैं, लेकिन वह पहले शूटिंग और अन्य व्यस्तताओं के कारण नहीं आ पाए थे.
मासूम शर्मा ने कहा कि उन्होंने संजीव बालियान से बातचीत की थी और उनके साथ परिवार से मिलने आने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि किसी परिवार का जवान बेटा अगर अचानक चला जाए तो उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता. परिवार जिस दर्द से गुजर रहा है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने भी हरियाणा में अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा का आपसी रिश्ता बेहद मजबूत है. दोनों क्षेत्रों की भाषा, संस्कृति और रिश्तेदारियां एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं. इसलिए जहां भी अपराध बढ़ता है, वहां दुख और चिंता स्वाभाविक है.
संजीव बालियान ने कहा कि वह जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और अपराध से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि घटना उत्तर प्रदेश में हुई है, इसलिए उत्तर प्रदेश सरकार से भी परिवार को न्याय और हर संभव मदद दिलाने के लिए बात की जाएगी.
उन्होंने कहा कि परिवार को इस कठिन समय में सरकार और समाज दोनों के सहयोग की जरूरत है. संजीव बालियान ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को भी पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए. फिलहाल, अंकित बालियान की हत्या के बाद परिवार को न्याय दिलाने की मांग लगातार तेज होती जा रही है और राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों का परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है.
जन्माष्टमी से पहले मथुरा से सीएम योगी का सियासी संदेश, कहा- श्रीकृष्ण जन्मभूमि ने कई आक्रमण सहे
