सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को सभी विपक्षी पार्टियों से परिसीमन बिल को पारित करने और 131वें संविधान संशोधन के खतरे को लेकर चेताया है. उन्होंने कहा कि अगर 30 नंवबर को अगर यह बिल पास हो जाता है, तो देश में लोकतंत्र का जो कुछ भी हिस्सा बचा है, वो भी खत्म हो जाएगा.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में BJP सत्ता में आई, तो उसने उसी वक्त यह तय कर लिया था कि देश के संवैधानिक ढांचे को खत्म करना है. इसकी शुरुआत 2014 में हुई और 2026 तक लोकतंत्र का जो भी हिस्सा बचा हुआ है, वह भी अब खतरे में है.
हम संवैधानिक लोकतंत्र के विनाशकारी मोड़ पर होंगे- कपिल सिब्बल
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल में शुक्रवार (27 नवंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में उन्होंने अपने हालिया इंटरव्यू का क्लिप भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘हम आज इस मोड़ पर खड़े हैं. 30 नवंबर को जब यह संविधान संशोधन बिल पारित होगा, तब हम संवैधानिक लोकतंत्र के लिए एक विनाशकारी मोड़ पर होंगे. आगे चलकर इस संविधान में और संशोधन किए जाएंगे और लंबे समय के लिए इसे एक ऐसी निरंकुश शासन व्यवस्था में बदल दिया जाएगा, जहां कार्यपालिका अपनी मनमर्जी से फैसले लेगी.’
उन्होंने कहा, ‘संसद अगर अस्तित्व में भी रही, तो उसकी भूमिका पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी. अदालतों में होने वाली नियुक्तियां भी सरकार की पसंद के मुताबिक होंगी. यह मेरा अनुमान है. इस बात को समझ लीजिए.’
वोट चोरी और चुनावों में धांधली के सिब्बल ने लगाए आरोप
इस दौरान कपिल सिब्बल ने BJP पर विधानसभा चुनावों में धांधली और वोटर लिस्ट में हेरफेर करके वोट चोरी करने के भी आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि BJP की एक योजना थी, जिसे वह लागू करना चाहती थी. योजना यह थी कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उसे यह समझ आ गया था कि बीजेपी ने जनता का विश्वास खो दिया है. इसके बाद उसने ज्ञानेश कुमार (CEC) की मदद से वोटर लिस्टों में हेरफेर करना शुरू किया और हाल में जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां अपनी चुनावी जीत सुनिश्चित की.’
उन्होंने कहा, ‘इस लिस्ट में महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, बिहार और कुछ अन्य राज्य शामिल हैं, जहां ऐसा किया गया. ऐसा नहीं है कि BJP ने पहले वोटर लिस्ट में हेरफेर नहीं किया था, लेकिन अब उसने यह काम संस्थागत तरीके से किया.’
यह भी पढ़ेंः परिसीमन बिल पर साथ देने के लिए DMK ने मोदी सरकार के सामने रखी शर्त? जानें
