गैंगस्टर अतीक अहमद के गैंग का शूटर मोहम्मद अरमान बिहार की गया जेस में बंद मिला है. यूपी पुलिस अरमान को तीन साल से तलाश रही थी. उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी अरमान पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.
गया जेल में बंद होने की जानकारी मिलने के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस 30 सितंबर को गयाजी पहुंची थी. पुलिस ने जेल रिकॉर्ड खंगालने के बाद अरमान की पहचान की. उसकी ताजा तस्वीर लेने के साथ अंगूठे के निशान भी लिए गए. इसके बाद यूपी पुलिस उसे प्रयागराज ले जाने की तैयारी में जुटी.
किस मामले में जेल में बंद है अरमान?
अरमान गयाजी शहर के कठोकर तालाब मोहल्ले का रहने वाला है. उमेश पाल हत्याकांड के बाद वह लौटकर आया था. यहां उसके खिलाफ एक फायरिंग का मामला दर्ज हुआ. मोहल्ले में एक अंडे की दुकान पर फायरिंग करने के मामले में उसका नाम आया था. इसके बाद उसने कोर्ट में सरेंडर किया था. इसके बाद उसे गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया.
बताया जा रहा है कि अरमान 27 फरवरी 2023 से ही गया सेंट्रल जेल में बंद है. इस दौरान प्रयागराज की पुलिस उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी के तौर पर उसकी तलाश करती रही.
2023 में हुई थी उमेश पाल की हत्या
बता दें कि 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में वकील उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान अरमान का नाम सामने आया था. घटना के समय एक बाइक पर अरमान और अतीक गैंग का आरोपी गुड्डू मुस्लिम मौजूद था. आरोप है कि बाइक अरमान चला रहा था और उसके पीछे बैठे गुड्डू मुस्लिम ने घटनास्थल पर गोलियां चलाई थीं. उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.
यह भी पढ़ें- नीरज के खिलाफ गए अनंत सिंह पर BJP का बड़ा बयान, ‘उनके मन में…’
ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दाखिल
गया जेल में अरमान के मिलने के बाद प्रयागराज की पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस की ओर से एक अक्टूबर को गया सिविल कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की गई. अर्जी पर सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है.
अरमान के अधिवक्ता ललित कुमार गुप्ता ने यूपी ले जाए जाने पर उसकी जान को खतरा होने की आशंका जताई है. उनका कहना है कि इसी वजह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराने की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया. वकील ने यह भी दावा किया कि अरमान को यूपी के मामले में जानबूझकर फंसाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, कहा- UCC और SIR लागू होना चाहिए
