जनता दल युनाईटेड (जेडीयू) ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पूर्व विधायक पत्नी नीलम सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया है. पार्टी इसके पीछे की वजह भी बताई है. पार्टी प्रवक्ता चंदन सिंह ने मामले पर टिप्पणी की है.
चंदन सिंह ने बताया, “जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार थे. नीरज कुमार का विरोध मतलब नीतीश कुमार और निशांत कुमार का विरोध है. लगातार अनंत सिंह पार्टी विरोधी गतिविधि कर रहे थे, जिसकी वजह से उनको और उनकी पत्नी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया.”
एमएलसी चुनाव में किया था जनसुराज प्रत्याशी का समर्थन
बता दें कि अनंत सिंह ने बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार शुरू करके जेडीयू के खिलाफ कथित तौर पर बगावत का रुख अपना लिया था. उन्होंने अनुज सिंह का समर्थन और उनके पक्ष में प्रचार करके विधान परिषद चुनाव में जेडीयू के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को ‘हराने’ का संकल्प लिया था.
जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की. अगर ये सिफारिश मंजूर होती है तो उनकी विधायकी जा सकती है और मोकामा में विधानसभा चुनाव फिर से हो सकते हैं.
पार्टी अध्यक्ष ने जारी किया आदेश
जनता दल (यूनाइटेड) ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर शनिवार को मोकामा के विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया.पार्टी की बिहार इकाई के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है.
इसमें कहा गया है कि पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और हाल में हुए विधान परिषद चुनाव में प्रतिद्वंद्वी दल के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने के आरोपों में अनंत सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है.
अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से निकाला, पत्नी पर भी लिया एक्शन
