बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी धूमधाम से होगी. इसकी तैयारी हो रही है. 25 नवंबर को शादी है लेकिन धीरे-धीरे उनके पैतृक गांव लदमा में माहौल बनने लगा है. टेंट, पंडाल और शादी से जुड़े अन्य काम हो रहे हैं. अनंत सिंह सारे काम को देख रहे हैं. ‘छोटे सरकार’ ने पूरे बिहार को आमंत्रण दिया है लेकिन एक व्यक्ति से वे काफी नाराज हैं.
अनंत सिंह ने एक इंटरव्यू दिया है जिसमें वे अपनी बेटी की शादी को लेकर बात कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार, संजय झा, ललन सिंह, प्रशांत किशोर, तेजस्वी यादव, वे सबको बुलाएंगे. उनके लिए कोई विरोधी नहीं है. इसी दौरान उन्होंने एक और बात कह दी कि बस नीरज कुमार को छोड़कर.
नीरज कुमार से चल रहा पहले से मनमुटाव
अनंत सिंह के बयान से समझा जा सकते हैं कि वे किस हद तक जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार से नाराज हैं. बता दें कि नीरज कुमार और अनंत सिंह में काफी पहले से मनमुटाव है. दोनों एक-दूसरे के खिलाफ बोलते रहते हैं. हाल ही में एमएलसी का चुनाव हुआ था तो बात तब और बढ़ गई जब अनंत सिंह जेडीयू प्रत्याशी नीरज के खिलाफ चले गए.
पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार जेडीयू के उम्मीदवार तो थे लेकिन अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज के लिए प्रचार कर रहे थे. हालांकि वे हार गए और नीरज की जीत हुई. इस बीच अनंत सिंह के ताजा बयान ने साफ कर दिया है कि वे शादी के मौके पर भी नीरज को नहीं बुलाना चाहेंगे.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह बेटी की शादी के दिन कराएंगे प्रतियोगिता, जीतने वाले को देंगे थार
‘हम सब दिन जो करते हैं बढ़िया ही करते हैं’
शादी की भव्य तैयारी पर अनंत सिंह ने कहा कि हम सब दिन जो करते हैं वो बढ़िया ही करते हैं. यह कोई नई बात नहीं है. शादी में सोनू सूद, पवन सिंह, अनुपमा यादव के भी आने की बात कही जा रही है इस पर अनंत सिंह ने कहा कि सब लोग प्रेम से आ रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि शादी में पूरे बिहार को न्योता है.
जानकारी हो कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को होने जा रही है. अनंत सिंह के होने वाले दामाद का नाम ऋषिकेश है. वह अमेरिका में रहते हैं. उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है. शादी को लेकर जोरशोर से तैयारियां हो रही हैं.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के चैलेंज पर BJP ने पूछ दिया ये सवाल, जवाब देंगे कांग्रेस नेता?
