Headlines

अनबन के सालों बाद एक फ्रेम में दिखे हिना खान-राजन शाही, ‘ये रिश्ता…’ के सेट पर हुआ था विवाद


हिना खान ने सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से टीवी में डेब्यू किया था. इस सीरियल में अक्षरा के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी. कई साल इस शो में काम करने के बाद उन्हें शो के प्रोड्यूसर राजन शाही के साथ अनबन के चलते शो छोड़ना पड़ा था. इसके बाद किसी भी मौके पर दोनों साथ में नजर नहीं आए.

अब सालों बाद दोनों को दिवाली पार्टी में एक साथ देखा गया है. राजन शाही की बेटी इशिका शाही ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोनों के साथ एक फोटो भी शेयर की है. ये फोटो सामने आने के बाद से दोनों के बीच गिले-शिकवे दूर होने और नए प्रोजेक्ट के लिए दोनों के साथ आने की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

किस बात पर हुआ था विवाद?

करीब आठ साल तक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में काम करने के बाद 2016 में हिना खान ने शो को अलविदा कह दिया था. इस शो के सेट पर उनकी आखिरी अध्याय अच्छा नहीं रहा था और विवादों के चलते उन्हें शो से अलग होना पड़ा था.

अप्रैल 2024 में टैली टॉक्स इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में राजन शाही ने हिना खान के शो छोड़ने के पीछे की वजह बताई थी. उन्होंने कहा था, ‘शो के आखिरी कुछ महीनों में हिना के साथ कई तरह की दिक्कतें होने लगी थीं. शूटिंग की टाइमिंग परेशानी थी और हिना खान स्क्रिप्ट में भी दखल देती थीं.’

राजन ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि हिना शो में शिवांगी जोशी के किरदार नायरा की तारीफ में लिखे गए कुछ डायलॉग बोलने के लिए तैयार नहीं थीं. इस बात पर सेट पर विवाद हुआ. राजन ने हिना से कह दिया था कि या तो वह सीन करें या सेट छोड़ दें.

अनबन के सालों बाद एक फ्रेम में दिखे हिना खान-राजन शाही, 'ये रिश्ता...' के सेट पर हुआ था विवाद

राजन के मुताबिक, उस दिन हिना मेकअप रूम में बैठी रहीं और शूटिंग के बाद उन्हें मैसेज करके बताया गया कि उनकी सेवाएं खत्म कर दी गई हैं और अब उन्हें सेट पर आने की जरूरत नहीं है.

राजन शाही के इन बयानों के बाद हिना खान ने भी अपनी बात रखी थी. जून 2024 में हिना खान ने गलाटा प्लस को दिए इंटरव्यू में माना था कि उन्होंने शो को अच्छे नोट पर नहीं छोड़ा था.

विवादों के बाद भी हिना और राजन एक-दूसरे की करते हैं इज्जत

इस विवाद के बावजूद हिना खान और राजन शाही एक दूसरे के काम और टैलेंट की इज्जत करते हैं. इस विवाद के बाद राजन शाही ने हिना खान की तारीफ की थी. उन्होंने कहा था, ‘हमारी अनबन हैं. मैं अभी भी उनसे बात नहीं करता लेकिन मैं उन्हें एडमायर करता हूं. हिना ने खुद पर काम किया और समय के साथ अपनी एक अलग पहचान बनाई है.’

वहीं हिना खान कहती हैं कि इस शो ने उन्हें पहला ब्रेक दिया था और वह आज भी इसके मेकर्स की इज्जत करती हैं. उन्होंने बताया कि शो छोड़ने के बाद उनके पिता काफी दुखी थे और उन्होंने हिना से वादा लिया था कि वह शो से जुड़े किसी भी शख्स के बारे में बुरा नहीं बोलेंगी. हिना ने कहा कि वह आज भी अपने पिता से किया वादा निभा रही हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि समय के साथ वह इस पूरे मामले से आगे बढ़ चुकी हैं और अब उन्हें कोई आपत्ति नहीं है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *