Headlines

अनुप्रिया पटेल की बढ़ेंगी मुश्किलें? दिव्या मित्तल ने कर दिया बड़ा ऐलान


भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने बड़ा ऐलान कर दिया है. उनके इस ऐलान से अपना दल सोनेलाल पटेल की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मुश्किलें बढ़ सकतीं हैं. 

सूत्रों के अनुसार  पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल आज अपनी नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान करेंगी. उनकी पार्टी का नाम जनता शक्ति पार्टी होगा.

 दिव्या मित्तल मिर्जापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी. वह दोपहर 1 बजे पार्टी के गठन और अपनी राजनीतिक पारी को लेकर आधिकारिक घोषणा करेंगी. मित्तल, मिर्जापुर की डीएम भी रह चुकीं हैं.

अनुप्रिया पटेल का गढ़ है मिर्जापुर

मिर्जापुर को अनुप्रिया पटेल का गढ़ माना जाता रहा है. वह इस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं. ऐसा माना जा रहा है कि साल 2027 में चुनाव लड़कर दिव्या न सिर्फ अनुप्रिया को कड़ी टक्कर देने का मन बना चुकीं हैं बल्कि अगर परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे तो वह साल 2029 के लोकसभा चुनाव में भी इसी सीट से बतौर उम्मीदवारी का ऐलान कर सकतीं हैं. 

राजनीतिक जानकारों की मानें तो अभी भले ही वह अपनी पार्टी बनाकर चुनाव में आ रहीं हैं, अगर 2027 में परिणाम, अनुप्रिया पटेल और उनकी पार्टी को थोड़ा भी परेशान करने वाले रहे तो कोई भी अन्य राजनीतिक दल खास तौर से सपा- उन्हें हाथों हाथ अपने साथ ला सकती है.

मिर्जापुर सदर में अभी क्या है सियासी स्थिति?

मिर्जापुर सदर सीट की बात करें तो इस विधानसभा क्षेत्र से फिलहाल साल 2017 और 2022 में भारतीय जनता पार्टी के रत्नाकर मिश्रा चुने गए थे. 

वहीं अनुप्रिया मिर्जापुर लोकसभा सीट से तीन बार से सांसद हैं. उनकी पार्टी मिर्जापुर की छानबे सीट पर चुनाव लड़ती रही है. साल 2017 और 22 में अपना दल एस से राहुल प्रकाश कोल चुने गए थे. हालांकि कोल के निधन के बाद उनकी पत्नी रिंकी ने उपचुनाव में अपना दल के टिकट पर जीत हासिल की थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *