रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी ने आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से अमेठी स्थित जिला कार्यालय के सामने दुकान लगाकर 13 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी का वितरण किया. गुरुवार (27 अगस्त) को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को निर्धारित दर पर चीनी उपलब्ध कराई गई. कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के अमेठी जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने किया.
समाजवादी पार्टी अमेठी के वरिष्ठ नेता शिव प्रताप यादव बीआरसी ने करीब पांच क्विंटल चीनी वितरण के लिए उपलब्ध कराई. पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों को चीनी वितरित किया. आयोजन के दौरान सपा नेताओं ने इसे महंगाई के खिलाफ संदेश देने और आम जनता को त्योहार के अवसर पर राहत पहुंचाने की पहल बताया.
नेपाल बाढ़ के बाद यूपी और बिहार में हाई अलर्ट, उफान पर नदियां, गंडक बैराज से छोड़ा गया पानी
महंगाई के दौर में जनता को राहत देने का दावा
समाजवादी पार्टी के अमेठी जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि महंगाई के दौर में आम जनता को राहत पहुंचाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है. उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोग परेशान हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में समाजवादी पार्टी जनता के बीच पहुंचकर राहत देने का प्रयास कर रही है.
उनके मुताबिक चीनी वितरण का कार्यक्रम केवल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनसेवा और गरीबों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. राम उदित यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और वंचित समाज की आवाज उठाती रही है. जनता यह देख रही है कि कौन केवल प्रचार करता है और कौन जरूरत के समय लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं में सहभागी बनता है.
2014 के वादे को लेकर सपा ने उठाया मुद्दा
सपा नेता शिव प्रताप यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आयोजित किया गया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने अमेठी की जनता को 13 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने का वादा किया किया था. उनके इस वादे को लेकर पिछले 12 वर्षों से अमेठी की जनता इंतजार करती रही है. शिव प्रताप यादव ने आगे कहा कि वर्तमान समय में चीनी की कीमत काफी बढ़ गई है.
इसी को देखते हुए उन्होंने पांच क्विंटल चीनी खरीदकर लोगों को 13 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से एक दिन पहले सस्ती चीनी उपलब्ध कराने के पीछे उद्देश्य लोगों को त्योहार के समय आर्थिक राहत देना है. साथ ही इसके माध्यम से सरकार तक यह संदेश पहुंचाना है कि लगातार बढ़ती महंगाई को नियंत्रित किया जाए और चीनी के दाम कम किए जाएं.
जनसेवा को बताया पार्टी की प्राथमिकता
सपा जिला महासचिव अरशद अहमद एडवोकेट ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेती है. उन्होंने कहा कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना पार्टी की जिम्मेदारी है. जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखने की बात उन्होंने कही.
सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र ने बताया कि जिला कार्यालय के सामने दुकान लगाकर 13 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी का वितरण किया गया. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करना है.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वितरण व्यवस्था संभाली. इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के महिला विंग की जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह, मुजीब अहमद, मोहम्मद लईक, राम बौरासी पासी, केडी सरोज, विजय पासी, दीपू तिवारी, विकास पाल, गुल्लक, अखिलेश यादव, प्रिंस वर्मा, प्रमोद तिवारी, विनय पाल, मुकेश विश्वकर्मा, शिव दर्शन, ओम प्रकाश यादव और राम जीवन गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
सपा नेताओं ने कहा कि महंगाई के बीच त्योहारों के अवसर पर आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पार्टी की ओर से आगे भी जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि जनसेवा ही पार्टी की प्राथमिकता है और जनता का विश्वास उसकी सबसे बड़ी ताकत है.
शिवपाल और केशव के बीच X पर वार-पलटवार, सपा नेता बोले- हाथ पांव फूल गए…
