Headlines

आखिरी समय में ऑफिस में अकेले बैठे रहते थे राजेश खन्ना, कहा था- मुझे भी सजा मिल गई


राजेश खन्ना को हिंदी सिनेमा का पहला सुपरस्टार कहा जाता है. राजेश खन्ना ने वो दौर और वो स्टारडम देखा था जो ना उनसे पहले और न उनके बाद किसी और अभिनेता को नसीब हुआ. हालांकि करियर के शिखर पर सवार होने के बाद राजेश खन्ना ने अचानक से बुरे दौर का भी सामना किया. अब उन्हें लेकर फिल्ममेकर केसी बोकाडिया ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि राजेश खन्ना को अपने प्रोड्यूसर्स को नजरअंदाज करने का अफसोस था. राजेश खन्ना अपने आखिरी दिनों में बिल्कुल अकेले पड़ गए थे.

जब राजेश ने बोकाडिया से कहा- आज मुझे सजा मिल गई

हाल ही में केसी बोकाडिया ने समाचार एजेंसी एएनआई को एक इंटरव्यू दिया. इंटरव्य में उन्होंने राजेश खन्ना को लेकर भी बात की. उन्होंने वो किस्सा याद किया जब राजेश खन्ना ने उन्हें अपने घर पर खाने के लिए बुलाया था. तब राजेश खन्ना ने खुद केसी बोकाडिया के लिए उनका पसंदीदा खाना बनाया था.

केसी बोकाडिया ने कहा, ‘उस वक्त मैं मद्रास में रहता था, मुझे बड़े सम्मान के साथ घर पर खाने के लिए बुलाया था और कहा था कि बोकाडिया साहब आपके लिए कड़ी और गट्टे की सब्जी बनाई है.’ बोकाडिया ने आगे कहा, ‘वो शेर आदमी था, लेकिन उसको तकलीफ हो रही थी. उन्होंने कहा था कि बोकाडिया साहब मेरी ही गलती है, मैंने प्रोड्यूसर्स को इग्नोर किया ना. आज मुझे भी सजा मिल गई.’

ऑफिस में अकेले सिगरेट पीते रहते थे राजेश खन्ना

इंटरव्यू में आगे फिल्ममेकर से पूछा गया कि राजेश खन्ना को क्या तकलीफ हुई थी, क्या हुआ था? इस पर केसी बोकाडिया ने कहा, ‘कोई आता ही नहीं था लास्ट स्टेज में. पूरे-पूरे दिन खड़ा रहता था लिंकिंग रोड पर ऑफिस था. पूरे दिन सिगरेट पीता था. कोई भी नहीं आता था ऐसा लोग बोलते हैं.’

2012 में हो गया था निधन

राजेश खन्ना ने साल 1969 से लेकर 1971 तक लगातार 17 हिट फिल्में देकर सुपरस्टार का टैग हासिल किया था. लेकिन, बाद में वो इस सक्सेस को संभाल नहीं पाए. इस दिग्गज एक्टर का 18 जुलाई 2012 को कैंसर के चलते मुंबई में निधन हो गया था. राजेश खन्ना ने 69 साल की उम्र में अंतिम सांस ली.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *