इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शोएब अख्तर के नाम है. उन्होंने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया था, जिसे अब तक कोई गेंदबाज नहीं तोड़ पाया है. लेकिन जब बात भारतीय गेंदबाजों की आती है, तो क्या आप जानते हैं कि टीम इंडिया के लिए सबसे तेज गेंद किसने फेंकी है? भारत के लिए यह रिकॉर्ड तेज गेंदबाज उमरान मलिक के नाम है. उनकी रफ्तार ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. आइए जानते हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारत के टॉप-7 गेंदबाजों के बारे में.
1. उमरान मलिक – 156 km/h
इस लिस्ट में सबसे ऊपर उमरान मलिक हैं. उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 156 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. इसके साथ ही उन्होंने जवागल श्रीनाथ का करीब 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था. उमरान की रफ्तार उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है और इसी वजह से उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे तेज गेंदबाजों में गिना जाता है.
2. जवागल श्रीनाथ – 154.5 km/h
उमरान से पहले भारत के सबसे तेज गेंदबाज का रिकॉर्ड जवागल श्रीनाथ के नाम था. श्रीनाथ ने 1999 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 154.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. लंबे समय तक यह भारतीय क्रिकेट की सबसे तेज गेंद बनी रही.
3. इरफान पठान – 153.7 km/h
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान भी अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे. उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 153.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. इस प्रदर्शन के साथ वह इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं.
4. मोहम्मद शमी – 153.3 km/h
मोहम्मद शमी की पहचान उनकी सीम और स्विंग गेंदबाजी के लिए है, लेकिन उनकी रफ्तार भी काफी प्रभावशाली रही है. उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 153.3 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंद डाली थी.
5. जसप्रीत बुमराह – 153.26 km/h
जसप्रीत बुमराह को आमतौर पर उनकी सटीक यॉर्कर के लिए जाना जाता है, लेकिन वह जरूरत पड़ने पर अच्छी गति भी हासिल कर सकते हैं. उन्होंने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में 153.26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी.
यह भी पढ़ें- 2027 वर्ल्ड कप को लेकर क्यों हो रहा विवाद? जानें एसोसिएट देशों के नाखुश होने की वजह
6. नवदीप सैनी – 152.85 km/h
नवदीप सैनी ने भी भारतीय क्रिकेट में अपनी तेज रफ्तार की वजह से खास पहचान बनाई. उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 152.85 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंद फेंकी थी. इस प्रदर्शन के साथ वह भारतीय तेज गेंदबाजों की इस लिस्ट में छठे स्थान पर हैं.
7. इशांत शर्मा – 152.6 km/h
लिस्ट में सातवें नंबर पर अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा हैं. उन्होंने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 152.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. लंबे कद और उछाल हासिल करने की क्षमता के साथ उनकी तेज गेंदबाजी ने उन्हें भारतीय टेस्ट क्रिकेट में खास पहचान दिलाई.
यह ही पढ़ें- IPL में वापसी को बेताब इंग्लैंड का खूंखार क्रिकेटर, लेकिन 2 साल के लिए बैन
