Headlines

इटली के 6000 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, निशाने पर PM मेलोनी की गाड़ी भी, सुरक्षा अलर्ट


इटली सहित पूरे यूरोप में उस समय हड़कंप मच गया जब बुधवार को इटली के 6,000 से अधिक स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई. धमकी में पीएम जॉर्जिया मेलोनी की गाड़ी में भी बम होने का दावा किया गया था. ‘इटली वालों का नरसंहार’ करने की चेतावनी वाले इन एक जैसे ईमेल के मिलने के बाद 300 से अधिक स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया. इस धमकी के कारण देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई ठप्प हो गई. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सर्च ऑपरेशन में जुट गई है.

इसे लेकर रोम से लेकर उत्तर में फ्रिउली और दक्षिण में बासिलिकाटा तक, हर तरफ हड़कंप का माहौल रहा. सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और पूरे परिसर की जांच की.

PM मेलोनी की गाड़ी में भी बम की धमकी

टाइम्स ऑफ इंडिया ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि यह धमकी भरा ईमेल खुद को ‘विलायत ऑफ मिसोगिनिस्तान का नेता मिखाइल अंद्रोपोस बताने वाले शख्स की ओर से भेजा गया था. ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूल की बिल्डिंग के भीतर रिमोट डेटोनेटर के साथ एक पावकफूल विस्फोटक उपकरण रखा गया है और एक बड़े हमले में इटालियनों को मारने की धमकी दी गई थी. इतना ही नहीं मैसेज में यह खौफनाक दावा भी किया गया था कि इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की गाड़ी के इंजन में भी बम प्लांट किया गया है. 

इटली के शिक्षा मंत्री जुसेपे वालदिताइरा ने एक टीवी चैनल को बताया कि कम से कम 300 स्कूलों से अलर्ट मिला है और यह संख्या और बढ़ सकती है. रोम के एक हाई स्कूल में तो छात्र खाली कराने वाले अलार्म को छुट्टी की घंटी समझ बैठे और बाहर निकलने के बाद उन्हें इस धमकी के बारे में पता चला. 2 नवंबर को भी इटली के 270 से ज्यादा स्कूलों को ऐसे ही धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी साबित हुए थे.

 आयरलैंड, स्कॉटलैंड में भी बम की धमकी

यह साइबर हमला सिर्फ इटली तक सीमित नहीं रहा. आयरलैंड, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले. हालांकि वहां सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद स्कूलों को खाली नहीं कराया गया. स्कॉटिश पुलिस ने इसे फर्जी करार दिया, जबकि उत्तरी आयरलैंड और आयरिश पुलिस ने इसकी तुरंत जांच शुरू कर दी है. ‘मिखाइल अंद्रोपोस’ नाम का इस्तेमाल पिछले कुछ दिनों में यूरोप के टीवी चैनलों और फ्लाइट्स को मिली धमकियों में भी किया जा चुका है. 

हाल के दिनों में यूरोप भर में ऐसी गड़बड़ियों का एक पैटर्न देखा गया है, जिसमें विमानों को फर्जी धमकियां और सुपरमार्केट और फ्रांस के ब्लड बैंकों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर साइबर हमले शामिल हैं. हालांकि, जांच एजेंसियां अभी तक इन सभी घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं कर पाए हैं.

इटली के रक्षा मंत्री का बयान

इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने इसे जनता में डर और अनिश्चितता फैलाने की एक सोची-समझी कोशिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां असली खतरों और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के बीच फर्क करने में जुटी हैं. बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए इटली के गृह मंत्री माटेओ पियांतेदोसी ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई. बैठक में यह बात सामने आई कि इन हमलों का मकसद सिर्फ सिस्टम को ठप्प करना नहीं है. असल में इनका इरादा संस्थानों की साख बिगाड़ना और लोगों में बेवजह का खौफ फैलाना है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *