शेख हसीना के प्रत्यर्पण और उनकी वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बने हालिया तनाव के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान 20 से 25 अगस्त के बीच भारत आ सकते हैं. न्यूज एजेंसी ANI ने डेली स्टार के हवाले से यह जानकारी दी है. बांग्लादेश मीडिया ले आउट ने राजनयिक सूत्रों के हवाले से दावा किया है, ‘प्रधानमंत्री रहमान भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आ सकते हैं. इसको लेकर ढाका और नई दिल्ली के बीच सही तारीखों को लेकर बातचीत जारी है.’
डेली स्टार के अनुसार, राजनयिक सूत्रों ने कहा है कि इस प्रस्तावित यात्रा पर विचार किया जा रहा है. दोनों पक्ष द्विपक्षीय बैठक करने इच्छुक रहे हैं. हालांकि, अबतक समय तय करने में दिक्कतें आ रही थीं. यह जानकारी तब सामने आई है, जब भारत अपनी आजादी का 80वां साल पूरे कर रहा है. 1947 में भारत को आजादी मिली, उससे पहले देश दो हिस्सों में (भारत और पाकिस्तान) बंट गया फिर बाद में पूर्वी पाकिस्तान को इंदिरा गांधी की सरकार के समय अलग राष्ट्र के रूप में बांग्लादेश के नाम से मान्यता मिली.
20 से 25 अगस्त की तारीख के बीच आ सकते हैं भारत यात्रा पर रहमान
नई दिल्ली में एक राजनयिक सूत्र ने बताया, दोनों पक्ष द्विपक्षीय यात्रा के लिए इच्छुक रहे हैं. लेकिन समय तय करना एक मसला था. अलग-अलग समय सारणी पर विचार करने के बाद, दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी 20 से 25 अगस्त के बीच की तारीखों पर सहमत होने के करीब पहुंच गए हैं. अभी दो संभावित तारीखों पर विचार किया जा रहा है. 20-21 अगस्त और 21-22 अगस्त के बीच यात्रा हो सकती है. तारीखों पर अंतिम फैसला ढाका में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के काम पर लौटने के बाद लिया जाएगा. विदेश मंत्रालय की तरफ से अभी किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 11 अगस्त को नई दिल्ली में पीएम मोदी के साथ आमने सामने बैठक की. इससे एक दिन पहले उच्चायुक्त ने ढाका में रहमान से मुलाकात की थी. अगर इस दौरे की पुष्टि हो जाती है, तो फरवरी में पद संभालने के बाद तारिक रहमान का यह भारत का पहला दौरा होगा. यह प्रस्तावित दौरा ढाका और नई दिल्ली के बीच हालिया राजनयिक तनाव के बीच अहम माना जा रहा है. यह तनाव शेख हसीना के भारत से दिए गए बयानों के कारण पैदा हुआ है. हसीना 2024 में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के विद्रोह के बाद देश से निष्कासित होने के बाद से भारत में रह रही हैं.
भारत उच्चायुक्त त्रिवेदी ने की थी पीएम रहमान से मुलाकात
सोमवार (10 अगस्त) को त्रिवेदी और रहमान के बीच हुई बैठक में बांग्लादेश ने उम्मीद जताई है कि भारत पूर्व पीएम शेख हसीना के प्रत्यार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाएगा. बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त किए गए त्रिवेदी ने बांग्लादेश सचिवालय के कैबिनेट डिवीजन में प्रधानमंत्री कार्यालय में तारिक रहमान से शिष्टाचार भेंट की. बांग्लादेश ने उम्मीद जताई है कि भारत शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाएगा.
