Headlines

ईरान का दावा- मार गिराया US का ‘लॉकहीड ड्रोन’, अराघची बोले- ‘हमारी जमीन की घेराबंदी नामुमकिन’


मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य और आर्थिक तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी सेना के एक ड्रोन को मार गिराने का बड़ा दावा किया है. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘फार्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सुरक्षा बलों ने फारस की खाड़ी के जलक्षेत्र और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्व में अमेरिकी सेना के एक ‘लॉकहीड ड्रोन’को निशाना बनाकर मार गिराया है. अमेरिकी रक्षा मुख्यालय (पेंटागन) या यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की तरफ से इस दावे पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

सैन्य मोर्चे पर बढ़ते तनाव के साथ-साथ ईरान इन दिनों गहरे आर्थिक और ऊर्जा संकट से भी जूझ रहा है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि उनका देश इस समय एक ऐसी आर्थिक जंग का सामना कर रहा है, जो मिसाइल हमलों और सैन्य संघर्ष से भी ज्यादा कठिन है. तेहरान में 21 नवंबर को आयोजित वार्षिक पूंजी बाजार सम्मेलन में उन्होंने इसे ‘मौन युद्ध’ करार दिया.

ऊर्जा संकट से निपटने के लिए पेजेशकियान का फैसला

पेजेशकियान ने स्वीकार किया कि आर्थिक दबाव, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध और उत्पादन से जुड़ी चुनौतियां देश के सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी कर रही हैं. देश में सर्दियों से पहले बिजली और गैस की किल्लत बढ़ने की आशंका है. इस बीच राष्ट्रपति ने उद्योगों की बिजली और गैस सप्लाई न रोकने पर जोर दिया है. उन्होंने निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर सरकारी दफ्तरों और घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली में कटौती की जा सकती है, लेकिन फैक्ट्रियों की बिजली नहीं कटनी चाहिए, ताकि उत्पादन जारी रहे और लोगों की नौकरियां सुरक्षित रहें.

हमारी जमीन की घेराबंदी नामुमकिन: अराघची 

वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और इजरायल के दबाव पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि तेहरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने के लिए कूटनीतिक बातचीत जारी रखेगा, लेकिन इसके साथ ही अपनी आर्थिक और सुरक्षा क्षमता को भी मजबूत करेगा. विदेश मंत्रालय के एक कार्यक्रम में अराघची ने कहा कि पिछले दो सालों में ईरान ने दो युद्धों, गंभीर आर्थिक दबाव और सुरक्षा चुनौतियों का सामना किया है.

सरकारी समाचार एजेंसी IRNA से बातचीत में उन्होंने इसकी वजह ईरान का विशाल भौगोलिक क्षेत्र, पड़ोसी देशों के साथ मजबूत व्यापारिक संबंध और पुराने ऐतिहासिक रिश्तों को बताया. अराघची ने कहा कि ईरान के सीमावर्ती प्रांत व्यापारिक गतिविधियों को जारी रखने में पूरी तरह सक्षम हैं और पड़ोसी देशों में स्थित ईरानी दूतावास नए बाजार तलाशने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *