दुनियाभर के हवाई अड्डे आमतौर पर पैदल चलने, अपनी फ्लाइट का इंतजार करने और कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने के लिए जाने जाते हैं. लेकिन वियतनाम के एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारतीय पर्यटकों की एक ऐसी करतूत सामने आई है, जिसने पूरे देश को शर्मिंदा कर दिया है. भारतीय पर्यटकों के एक समूह ने एयरपोर्ट के फर्श को ही अपना डाइनिंग टेबल बना लिया और नीचे बैठकर पिकनिक की तरह खाना खाने लगे.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही मशहूर उद्योगपति हर्ष गोयनका (Harsh Goenka) का गुस्सा भड़क उठा, जिसके बाद इंटरनेट पर भारतीय पर्यटकों के ‘सिविक सेंस’ को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ गई है.
फर्श पर पंगत लगाकर जमाया जमावड़ा, वियतनाम में की ऐसी हरकत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भारतीय यात्रियों का एक बड़ा ग्रुप एयरपोर्ट के फर्श पर बैठा हुआ है. उनके चारों तरफ खाने-पीने का सामान फैला हुआ है और वे आराम से बैठकर खाना खा रहे हैं.
Vietnam has become a favourite new destination for Indian travellers. But if we turn their airports into picnic spots, spreading food and litter, we risk becoming very unpopular tourists. When will we learn to travel with civic sense? 😮 https://t.co/pCSC63GHRH
— Harsh Goenka (@hvgoenka) November 7, 2026
विदेश की धरती पर सार्वजनिक स्थान को इस तरह कैजुअल अंदाज में इस्तेमाल करने का नजारा देखकर लोग हैरान रह गए. वियतनाम इन दिनों भारतीय पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है. ऐसे में किसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गंदगी फैलाने और पिकनिक मनाने जैसी इस हरकत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीयों की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हर्ष गोयनका ने लगाई क्लास: ‘विदेश जाकर कब जिम्मेदार बनोगे?’
उद्योगपति हर्ष गोयनका ने इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए पर्यटकों की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से विदेशों में भारतीय यात्रियों के प्रति धारणा खराब होती है.
गोयनका ने लिखा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पिकनिक स्पॉट की तरह इस्तेमाल करना बुनियादी स्वच्छता और नागरिक शिष्टाचार की अनदेखी है. उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर खाना फैलाने और कचरा करने की आदत पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर भारतीय विदेश यात्रा के दौरान जिम्मेदारी से व्यवहार करना कब सीखेंगे?
यह भी पढ़ें: Chain Snatching: मुंबई में सोसायटी के अंदर महिला से लूट, वायरल हो रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा: ‘रद्द करो ऐसे लोगों के पासपोर्ट’
वीडियो सामने आते ही यूज़र्स का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे इन पर्यटकों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग करने लगे:
कई यूजर्स ने लिखा कि देश से बाहर जाकर अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है, जिसे इन लोगों ने मजाक बना दिया है. एक यूजर ने तो यहां तक सुझाव दे डाला कि सरकार को ऐसे यात्रियों की पहचान करके तुरंत उनका पासपोर्ट रद्द कर देना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई विदेश जाकर देश का नाम खराब न करे.
कुछ लोगों ने सिंगापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कड़े नियम और भारी जुर्माना होने की वजह से भारतीय भी तमीज में रहते हैं, इसलिए सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: रॉकेट सी टक्कर के बाद हवा में उछला शख्स, उठा तो यूजर्स बोले- रखवाला उपरवाला
