Headlines

कठिन समय में भी जनता के प्रति सीएम योगी का दिखा समर्पणः जयंत


लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कार्यक्रम में मौजूदगी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि कठिन समय में भी हमारे बीच में आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया और हम सभी के सामने कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण रखा.

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह शनिवार जीवन के सबसे कठिन दिनों में रहा. शनिवार की सुबह हरिद्वार में उनकी मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं. उन्होंने अश्रु भरे नेत्रों से मां को अंतिम प्रणाम किया और फिर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के सपने को साकार करने के लिए लखनऊ निकल गए. यहां शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में वह पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए.

मुख्यमंत्री ने लखनऊ की धरा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अन्य अतिथियों का स्वागत किया, लेकिन उनके चेहरे पर मां के बिछड़ने की पीड़ा साफ देखी जा सकती थी. अपनी भावनाओं को संयत रखते हुए उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश के युवाओं के भविष्य पर बात की. उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्किल्ड युवाओं के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी देशवासियों को बताई. एक ही दिन में सीएम योगी एक पुत्र और प्रदेश के अभिभावक, दोनों का दायित्व निभाते दिखाई दिए.

गौरतलब है कि शुक्रवार (20 नवंबर) को जब सीएम योगी की मां का निधन हुआ, तब वह युवाओं को टैबलेट वितरित करने के बाद उनसे संवाद कर रहे थे. कार्यक्रम समाप्त करने के पश्चात वह गोरखपुर से निकले और मां के अंतिम दर्शन करने अपने पैतृक गांव पहुंचे. जीवन के सबसे दुखी पल में सभी ने उन्हें संबल दिया और ईश्वर से मां को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक-संतप्त परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *