Karnataka Politics: कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी अटकलों के बीच गुरुवार को बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास पर अहम ब्रेकफास्ट बैठक आयोजित हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक-दूसरे को गले लगाकर पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया. वहीं डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया. दोनों नेताओं की यह तस्वीरें अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दोपहर 3 बजे राज्यपाल कार्यालय जाकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु में मुख्यमंत्री आवास पर ब्रेकफास्ट बैठक के दौरान एक-दूसरे को गले लगाया। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर भी छुए।
(तस्वीरें: CMO कर्नाटक) pic.twitter.com/6XATw4qNmP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 28, 2026
ब्रेकफास्ट मीटिंग में पहुंचे कई बड़े नेता
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए. मंत्री एचके पाटिल, रामलिंगा रेड्डी समेत कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी नाश्ते की बैठक में पहुंचे. इस दौरान पार्टी के अंदर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर सभी की नजर बनी रही.
शिवकुमार समर्थकों की भीड़ जुटी
इधर डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री आवास में बैठक में शामिल हुए, तो दूसरी ओर उनके समर्थकों की बड़ी भीड़ बेंगलुरु स्थित उनके आवास के बाहर जमा हो गई. इससे राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें और तेज हो गई हैं.
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस पूरे घटनाक्रम पर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कांग्रेस आलाकमान की पहल राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता को स्वीकार करने जैसा है. उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में समय से पहले विधानसभा चुनाव लगभग तय हो चुके हैं. भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में करीब पांच से साढ़े पांच घंटे चली बैठकों के बाद मुख्यमंत्री से इस्तीफा लेने का अंतिम फैसला किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, वह केवल अस्थायी होगा.
