उत्तर प्रदेश में सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं के बीच कल दूसरे दिन भी बैठक हुई. पहले दिन बीस मिनट की बातचीत के बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच कल करीब साढ़े तीन घंटे तक मंथन चला, लेकिन सीटों को लेकर कोई अंतिम फॉर्मूला तय नहीं हो पाया. हालांकि, SP और कांग्रेस दोनों ही जल्द गठबंधन के एलान का दावा कर रहे हैं. पर सीटों की संख्या को अभी गोपनीय रखा गया है.
समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की और 26 सीटों का ऑफर किया. इसने कांग्रेस की बेचैनी बढ़ा दी है. कांग्रेस 181 सीटों की डिमांड कर रही थी, हालांकि दूसरे दिन की बैठक में उसने करीब 130 उम्मीदवारों की लिस्ट सपा को सौंपी. इस फॉर्मूले में समाजवादी पार्टी, रायबरेली की 6 सीटों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दे रही है. जबकि अमेठी की चार में से सिर्फ जगदीशपुर सीट ही कांग्रेस को ऑफर कर रही है . जानिए बड़ी बातेंः
1. समाजवादी पार्टी ने 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट बुधवार को जारी की. पार्टी ने अपने 4 मौजूदा विधायकों पर ही फिर से भरोसा जताया है.ललितपुर विधानसभा के लिए समाजवादी पार्टी ने नए चेहरे का एलान किया है. खास बात ये है कि समाजवादी पार्टी की सूची में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर सीटें भी शामिल हैं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहारनपुर से ही सांसद हैं.
2. समाजवादी पार्टी की पहली लिस्ट में किन लोगों टिकट दिया गया है? इनमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन और अमरोहा से महबूब अली को फिर से चुनावी मैदान में उतारा गया है. वहीं, ललितपुर विधानसभा सीट पर एसपी ने बड़ा बदलाव करते हुए ज्योति लोधी को नया चेहरा बनाया है. पिछली बार ललितपुर से समाजवादी पार्टी के टिकट पर रमेश कुशवाहा ने चुनाव लड़ा था, जहां BJP के रामरतन कुशवाहा ने जीत दर्ज की थी. इस बार समाजवादी पार्टी ने ललितपुर सीट पर महिला और लोधी समीकरण साधने का दांव लगाया है.
3. सीट बंटवारा फाइनल होने से पहले समाजवादी पार्टी की ओर से लिस्ट जारी किए जाने को लेकर अब बीजेपी समाजवादी पार्टी को घेर रही है, बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि कथनी और करनी में फर्क देखिए, कांग्रेस से पूछे बिना SP ने उम्मीदवार उतारे. कांग्रेस सिर्फ देखती रह गई, गठबंधन से पहले ही हंसी का पात्र बन गई. जो अपने साथी का सम्मान नहीं कर सकते वो उत्तर प्रदेश का सम्मान क्या रखेंगे?
4. सीट बंटवारे पर तकरार के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ पहुंचेंगे. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने मंगलवार को बताया कि संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को लखनऊ में यूपी कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे. यहां खरगे पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश दे सकते हैं.
5. इस बीच अखिलेश यादव ने कहा कि सांप्रदायिक बीजेपी को हराने का है मौका, SP-कांग्रेस नहीं इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार हो, बात सीट की नहीं, जीत की है. उन्होंने सुझाव दिया कि गठबंधन की सीटों पर उम्मीदवारों को कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के बजाय इंडिया गठबंधन और पीडीए प्रत्याशी के रूप में पेश किया जाए.
6. सीटों की घोषणा के बीच आज सपा-कांग्रेस की संभावित बैठक पर नजर है. जहां कांग्रेस अपनी नाराजगी जता सकती है. दरअसल, लगातार दूसरे दिन बातचीत के बावजूद सीटों पर अंतिम फैसला नहीं हो सका. सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि चर्चा सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है. अभी सभी सीटों पर बातचीत पूरी नहीं हुई है. अगले दो दौर की बैठकों में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है. सोमवार को पहली बैठक महज 20 मिनट चली थी.
7. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा चाहे जितनी राजनीतिक रणनीति बना लें, उन्हें सत्ता में वापसी नहीं मिलेगी और भाजपा की पकड़ कमजोर नहीं होगी. मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश पर राजनीतिक मजबूरी में कांग्रेस से गठबंधन करने का आरोप लगाया. भाजपा नेता राकेश सिन्हा ने भी अखिलेश के दावों को इच्छाओं पर आधारित बताते हुए सपा की संगठनात्मक ताकत पर सवाल उठाए.
8. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में होने की संभावना है. भाजपा 2017 से लगातार दो बार राज्य की सत्ता में है. सपा इस बार सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है. 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा अलग-अलग मैदान में उतरी थीं, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों ने इंडिया गठबंधन के तहत साथ चुनाव लड़ा और प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत हासिल की.
यह भी पढ़िएः Live: कांग्रेस से बैठक की बीच सपा के 5 प्रत्याशी घोषित, जानें क्या बोले उम्मीदवार?
