Headlines

केतन की पीठ पर था सिया के नाम का टैटू, चार्जशीट में बहन का खुलासा


केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें पता लगा है कि उसने अपनी पीठ पर अपनी मंगेतर सिया के नाम का टैटू गुदवाया था. केतन की बहन ने इसकी तस्वीर सिया को वीडियो कॉल के जरिए दिखाई थी. केतन की बहन संजना अग्रवाल के बयान में यह जानकारी सामने आई है. लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में दाखिल चार्जशीट में संजना के बयान को भी शामिल किया गया है. चार्जशीट के मुताबिक, केतन की मौत के बाद संजना ने उसके मोबाइल फोन को देखा.

इसी दौरान उसे केतन के मोबाइल में एक तस्वीर मिली, जिसमें उसकी पीठ पर अंग्रेजी में ‘Siya’ नाम का टैटू बना हुआ था. संजना ने यह तस्वीर देखने के बाद सिया को इसकी जानकारी देने का फैसला किया. संजना के मुताबिक, 19 जून 2026 की शाम सिया अपने माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों के साथ केतन के परिवार के घर आई थी. उस दौरान संजना सिया को केतन के मोबाइल में मिली तस्वीर दिखाना चाहती थी, लेकिन वहां वह तस्वीर नहीं दिखा सकी. बाद में सिया के घर जाने के बाद शाम करीब 7:30 बजे सिया का संजना के मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज आया.

‘क्या गिफ्ट था केतन का मेरे लिए?’- सिया 

सिया ने मैसेज कर पूछा था कि ‘क्या गिफ्ट था केतन का मेरे लिए?’ इसके बाद संजना ने उसे बताया कि वह फ्री होने के बाद कॉल करेगी. रात करीब 10 बजे संजना ने सिया को व्हाट्सएप वीडियो कॉल किया और केतन के मोबाइल में मिली वह तस्वीर सिया को दिखाई, जिसमें केतन की पीठ पर ‘Siya’ नाम का टैटू बना हुआ था. तस्वीर दिखाने के बाद संजना ने वीडियो कॉल काट दी.

चार्जशीट में संजना ने यह भी बताया है कि 20 जून को दोपहर करीब 1:20 बजे सिया का उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया. सिया ने केतन की प्रोफाइल पिक्चर से अपनी और केतन की तस्वीर हटाकर कोई दूसरी तस्वीर लगाने को कहा था. मैसेज में उसने कथित तौर पर लिखा था कि ‘केतन के प्रोफाइल पिक्चर से हमारा फोटो निकाल दो, वरना न्यूज वालों के हाथ लग जाएगा.’

संजना के बयान के मुताबिक, केतन और सिया की शादी तय होने के बाद दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. 11 फरवरी 2026 को दोनों का रिश्तेदारों की मौजूदगी में देखने का कार्यक्रम हुआ था और 19 फरवरी को पुणे के एक होटल में दोनों की सगाई हुई थी. सगाई के बाद सिया ने केतन के फोन में उसके नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट भी शुरू किया था.

केतन हत्याकांड में बड़ा खुलासा, लोहगढ़ ले जाने के लिए बनाई थी फर्जी इंस्टा ID

सिया ने ‘सांप-सांप’ चिल्लाते हुए उसे दिया था धक्का

परिवार के मुताबिक, दोनों हर रविवार को मिलते थे और फोन पर भी बातचीत करते थे. अप्रैल के आखिरी सप्ताह में दोनों के बाली में प्री-वेडिंग शूट की तैयारी भी की गई थी. केतन ने होटल, फ्लाइट टिकट और फोटोग्राफर तक की बुकिंग कर रखी थी.

चार्जशीट में संजना ने 14 जून की घटना का भी जिक्र किया है. उसके मुताबिक, उस दिन लोहगढ़ से लौटने के बाद केतन ने उसे बताया था कि सिया ने लोहगढ़ किले पर उसे अचानक धक्का दिया था. केतन के मुताबिक, सिया ने ‘सांप-सांप’ चिल्लाते हुए उसे धक्का दिया था, लेकिन उसने समय रहते खुद को संभाल लिया, वरना वह खाई में गिर सकता था.

संजना ने बताया कि केतन ने उससे इस घटना के बारे में घर में किसी को नहीं बताने के लिए कहा था. केतन ने कथित तौर पर कहा था कि सिया को लोहगढ़ घूमना पसंद है और वह उसे बार-बार वहां चलने के लिए कहती है. अगर माता-पिता को घटना के बारे में पता चला तो वे उसे सिया के साथ दोबारा लोहगढ़ नहीं जाने देंगे.

सिया ने मां को केतन के ठीक होने की जानकारी दी

इसके बाद 17 जून की रात केतन ने परिवार को बताया कि वह सिया के साथ अगले दिन लोहगढ़ जाने वाला है. उसने परिवार से कहा था कि सिया की दोस्तों ने उसके जन्मदिन के मौके पर लोहगढ़ पर पार्टी रखी है. परिवार की अनुमति मिलने के बाद 18 जून की सुबह करीब 8:20 बजे केतन और सिया कार से लोहगढ़ के लिए रवाना हुए थे.

इसी दिन सुबह करीब 10:04 बजे परिवार को सिया की मां का फोन आया और बताया गया कि केतन खाई में गिर गया है. परिवार लोहगढ़ पहुंचा. वहां संजना और उसकी मां की मुलाकात सिया से हुई. संजना के मुताबिक, सिया ने उन्हें बताया कि केतन ठीक है और उसे कुछ नहीं हुआ है. इसी दौरान संजना की मां ने सिया के हाथ में केतन का मोबाइल देखा और वह फोन अपने पास ले लिया. बाद में रेस्क्यू टीम ने केतन को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार को बाद में सिया और चेतन के संबंधों का पता चला

केतन की मौत के बाद परिवार को उसके और सिया के रिश्ते से जुड़ी कई बातें सामने आईं. संजना के बयान के मुताबिक, बाद में परिवार को सिया और चेतन चौधरी के कथित संबंधों के बारे में जानकारी मिली. इसके साथ ही 14 जून को लोहगढ़ पर हुई कथित धक्का देने की घटना और 18 जून को जन्मदिन की पार्टी के नाम पर लोहगढ़ जाने की बात को लेकर भी परिवार के मन में सवाल उठे.

चार्जशीट में संजना ने इन घटनाओं और बाद में सामने आई जानकारी के आधार पर केतन की मौत को लेकर सिया पर संदेह जताया है. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए हैं.

CEC के खिलाफ मुंबई प्रोटेस्ट के लिए CJP तैयार, अभिजीत दीपके के पोस्ट से हलचल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *