कोटा शहर में एक पुलिसकर्मी के कथित बर्ताव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है. मामला झालावाड़ रोड स्थित कोटा हार्ट हॉस्पिटल के आसपास का है, जहां एक ASI (सहायक उप-निरीक्षक) पर शराब के नशे में युवती के साथ बदतमीजी करने, भद्दी गालियां देने और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को धमकाने के आरोप लगे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ASI हरि सिंह हाड़ा कथित तौर पर नशे की हालत में सड़क पर युवती से उलझ गया. आरोप है कि उसने युवती के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज की. मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसे समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर उन्हें भी धमकाना शुरू कर दिया. इस दौरान ASI ने अपना नाम हरि सिंह हाड़ा बताया है.
अब डायबिटीज से लड़ने में ऐसे मदद करेगा AI, राजस्थान से नई पहल
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ASI का वीडियो
वहीं घटनास्थल पर मौजूद किसी शख्स ने पूरे वाकये का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे और मामला आला अधिकारियों तक पहुंच गया. पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर संज्ञान लिया है.
SP तेजस्विनी गौतम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस मामले को लेकर सिटी SP तेजस्विनी गौतम ने मीडिया को बताया कि ASI हरि सिंह हाड़ा पुलिस लाइन में तैनात है और उसकी ड्यूटी 112 में लगी हुई है. पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. साथ ही, उसे सस्पेंड करने की कार्रवाई भी की जा रही है. फिलहाल मेडिकल जांच और विभागीय कार्रवाई के जरिए मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी. इस घटना ने एक बार फिर वर्दी की जिम्मेदारी और पुलिसकर्मियों के सार्वजनिक आचरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ABP न्यूज की खबर का असर? AIIMS जोधपुर रजिस्ट्रार का प्रमोशन के बाद डिमोशन
