Headlines

कोटा: हेड कांस्टेबल का साहस, नदी में कूदकर बचाई युवक की जान


वर्दी सिर्फ कानून की हिफाजत का नाम नहीं, बल्कि इंसानियत और हौसले की भी पहचान है. कोटा में खाकी के एक जांबाज जवान ने इसे हकीकत में साबित कर दिखाया. आधी रात, घना अंधेरा और चंबल की दाईं मुख्य नहर का खतरनाक तेज बहाव… इन मुश्किल हालात में भी हेड कांस्टेबल राजाराम ने अपनी जान की परवाह नहीं की और नहर में छलांग लगाकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया.

घटना 14 नवम्बर की रात करीब 12:25 बजे स्टील ब्रिज के पास की है. जानकारी के मुताबिक बोरखेड़ा थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय राजा सिंह बरार 13 नवम्बर की सुबह करीब 9 बजे अपनी काले रंग की मारुति अर्टिगा कार लेकर गुमानपुरा जाने की बात कहकर घर से निकले थे. दोपहर करीब 12 बजे के बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा. परिजनों की चिंता बढ़ी तो कमलजीत सिंह बरार ने बोरखेड़ा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी.

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंट्रोल रूम के जरिए जिले के सभी थानों को सूचना भेजी और युवक की तलाश शुरू कर दी. इसी बीच 14 नवम्बर की रात परिजनों से सूचना मिली कि राजा सिंह बरार स्टील ब्रिज के पास चंबल की दाईं मुख्य नहर में गिर गए हैं और तेज बहाव में डूब रहे हैं.

जोधपुर में आज निकलेगा RSS का भव्य घोष संचलन, मोहन भागवत करेंगे निरीक्षण

पानी के तेज बहाव के बीच युवक को किया काबू

सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाने की चेतक पर तैनात हेड कांस्टेबल राजाराम (नंबर 86) तत्काल मौके पर पहुंचे. उनकी लोकेशन भी स्टील ब्रिज के नजदीक ही थी. सामने युवक नहर के तेज बहाव में जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था. हालात बेहद जोखिम भरे थे, लेकिन राजाराम ने एक पल की देर किए बिना नहर में छलांग लगा दी.

रात के अंधेरे और पानी के तेज बहाव के बीच काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को काबू में किया और बहते हुए थेगड़ा शिव मंदिर के पास सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद पुलिस ने परिजनों की मदद से युवक को तत्काल उपचार के लिए सुधा हॉस्पिटल पहुंचाया.

खाकी के फर्ज को किया बुलंद, मिलेगा इनाम

हेड कांस्टेबल राजाराम का यह साहसिक कदम पुलिस की वर्दी के पीछे छिपी मानवीय संवेदना और नागरिकों की जान बचाने के जज्बे की मिसाल बन गया. एक तरफ जहां तेज बहाव और अंधेरा उनकी जान के लिए खतरा बन सकते थे, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपनी सुरक्षा से पहले एक नागरिक की जिंदगी को तरजीह दी. पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने राजाराम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *