Headlines

कौशांबी में रील बनाते समय दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक; चार युवकों की मौत


उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोशल मीडिया रील बनाने का शौक चार युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया. एक ही बाइक पर पांच युवक सवार होकर रील बना रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. हादसे में चाचा-भतीजे समेत चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना करारी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक धनपरा निवासी राहुल (14) पुत्र महेश प्रसाद, आकाश सरोज (25) पुत्र पृथ्वी सरोज, अमन (22) पुत्र केशन, छोटू और विकास एक ही बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में दावत खाने जा रहे थे. रास्ते में पांचों युवकों ने मोबाइल से रील बनाई और उसे सेव कर लिया. बताया जा रहा है कि महाराजगंज गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक भिड़ गई.

हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई. दुर्घटना में राहुल, आकाश सरोज, अमन और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया.

मौत से पहले युवकों द्वारा बनाई गई रील अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. पुलिस वीडियो को भी जांच के दायरे में लेकर पड़ताल कर रही है.

मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक Satyanarayan Prajapat ने बताया कि डायल-112 को सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

एसपी ने कहा कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है. साथ ही मार्ग पर चेकिंग में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी और यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *