रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आज मुंबई इंडियंस को हराकर अंक तालिका में चौथे से पहले स्थान पर आ सकती है. RCB का नेट रन रेट सभी टीमों से बेहतर है, लेकिन रजत पाटीदार एंड टीम के लिए चिंता की बात ये है कि वो पिछले दो मुकाबले हार चुकी है. आज उनका सामना MI से है, जिनका सफर इस सीजन खराब रहा है लेकिन उन्होंने पिछले मैच में जीत दर्ज की है. अगर मुंबई हारी तो वो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी. सबसे बड़ा सवाल है कि क्या हार्दिक पांड्या आज खेलेंगे? वह पिछले मैच में चोटिल होने के कारण नहीं खेले थे. दूसरी तरफ आज एक बार फिर विराट कोहली के साथ जैकब बेथेल पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं.
जैकब को मिलेगा एक और मौका?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ओपनर बल्लेबाज फिल साल्ट चोट लगने के बाद स्वदेश लौट गए थे, लेकिन वह वापस भारत लौट आए हैं. हालांकि उनका आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना मुश्किल है, ऐसे में एक बार फिर जैकब बेथेल को मौका दिया जा सकता है, जो इस सीजन ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं. उन्होंने IPL 2026 में 4 मैच खेले, जिसमें कुल 43 ही रन बनाए हैं.
विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा भी आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं, जो बेंगलुरु के लिए चिंता की बात है. मिडिल आर्डर में वह बल्ले से सहयोग नहीं दे पा रहे हैं, पिछले 2 मैचों में तो वह 1-1 रन बनाकर आउट हुए और इसमें टीम हार भी गई. 8 पारियों में उनके बल्ले से कुल 64 रन आए हैं, हालांकि उनका रिप्लेसमेंट अभी कोई नजर नहीं आता ऐसे में वह भी आज खेल सकते हैं.
यह भी पढ़ें- 10 साल बाद रायपुर में IPL का पहला मैच, बेंगलुरु और मुंबई की भिड़ंत; जानिए पिच पर किसे मिलेगी मदद
इनके आलावा बेंगलुरु में शानदार गेंदबाज हैं, अगर टीम पहले गेंदबाजी करती है तो रसिक सलाम को प्लेइंग 11 में जगह मिल सकती है और बल्लेबाजी के दौरान टिम डेविड उनके स्थान पर इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आ सकते हैं.
हार्दिक पांड्या की होगी वापसी?
हार्दिक की गैरमौजूदगी में पिछले मैच में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की थी और टीम मैच जीत भी गई थी. इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 84 और रयान रिकेल्टन ने 83 रन बनाए थे, दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रनों की साझेदारी की थी. लेकिन इस जोड़ी की आज परीक्षा होगी, क्योंकि उनके सामने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड होंगे. अगर मुंबई पहले बल्लेबाजी करती है तो रोहित शर्मा प्लेइंग 11 में हो सकते हैं, नहीं तो दूसरी पारी में वह रघु शर्मा के स्थान पर इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आ सकते हैं.
हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस टीम में लौट आए हैं, वह पिछले मैच में अनफिट होने के कारण नहीं खेल पाए थे. हालांकि शुक्रवार को हुए अभ्यास में भी पांड्या शामिल नहीं हुए, ऐसे में उनका खेलना मुश्किल है. अगर वह खेलते हैं तो कॉर्बिन बॉश को बाहर होना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें- ऑरेंज कैप की दौड़ में वैभव सूर्यवंशी से आगे निकले शुभमन गिल, भुवनेश्वर से भी छिनी पर्पल कैप
RCB की संभावित प्लेइंग 11
विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफ़र्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिक सलाम, जॉश हेजलवुड, सुयश शर्मा.
इम्पैक्ट प्लेयर: टिम डेविड.
MI की संभावित प्लेइंग 11
रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर.
इम्पैक्ट प्लेयर: रघु शर्मा.
