आज के समय में हम न जाने कितनी वेबसाइट्स और ऐप्स पर अकाउंट बनाते हैं. किसी ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर खरीदारी के लिए, किसी ऐप का ट्रायल लेने के लिए या फिर किसी सर्विस को कुछ दिनों तक इस्तेमाल करने के लिए बनाया गया अकाउंट बाद में भले ही याद न रहे लेकिन वह इंटरनेट पर मौजूद रहता है. ऐसे इनएक्टिव अकाउंट्स को अक्सर Zombie Accounts कहा जाता है. लेकिन सबसे बड़ी चिंता ये है कि लंबे समय से इस्तेमाल न किए जाने वाले ये अकाउंट साइबर अपराधियों के लिए आसान निशाना बन सकते हैं.
क्या होते हैं Zombie Accounts?
दरअसल, Zombie Account ऐसे पुराने ऑनलाइन अकाउंट होते हैं जिन्हें यूजर लंबे समय से इस्तेमाल नहीं कर रहा होता है लेकिन वे पूरी तरह बंद या डिलीट नहीं हुए होते हैं. इनमें आपका नाम, ईमेल, फोन नंबर, पुराना पता, प्रोफाइल डिटेल्स या दूसरी पर्सनल जानकारी मौजूद होती है. कई बार लोग सालों पहले किसी वेबसाइट पर अकाउंट बनाकर उसे भूल जाते हैं. यही भूल आगे चलकर डेटा सिक्योरिटी के लिए परेशानी पैदा कर सकती है.
पुराने अकाउंट से कैसे लीक हो सकता है डेटा?
आपको बता दें कि किसी ऑनलाइन सर्विस में सुरक्षा खामी आने पर हैकर्स उसके यूजर्स का डेटा चुरा सकते हैं. अगर आपका पुराना अकाउंट भी उस प्लेटफॉर्म पर मौजूद है तो उसकी जानकारी भी लीक हो सकती है.
इतना ही नहीं, खतरा तब और बढ़ जाता है जब आपने उस अकाउंट पर इस्तेमाल किया गया पासवर्ड किसी दूसरी वेबसाइट पर भी रखा हो. डेटा चोरी होने के बाद साइबर अपराधी उसी ईमेल और पासवर्ड से आपके दूसरे अकाउंट्स में लॉगिन करने की कोशिश कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: iPhone Ultra को टक्कर देने आ रहा Xiaomi 18 Fold! इस दिन होगा लॉन्च, जानें फीचर्स
एक पुराना पासवर्ड बन सकता है बड़ी मुसीबत
बहुत से लोग अलग-अलग वेबसाइट्स के लिए एक ही या मिलते-जुलते पासवर्ड इस्तेमाल करते हैं. अगर सालों पुराने किसी अकाउंट का पासवर्ड लीक हो गया और वही पासवर्ड आपके मौजूदा ईमेल या सोशल मीडिया अकाउंट में भी इस्तेमाल हो रहा है तो खतरा काफी बढ़ जाता है. इसलिए पुराने अकाउंट सिर्फ बेकार पड़े डिजिटल प्रोफाइल नहीं हैं बल्कि वे आपकी मौजूदा डिजिटल सुरक्षा से भी जुड़े हो सकते हैं.
कौन-कौन से अकाउंट तुरंत चेक करें?
सबसे पहले उन वेबसाइट्स और ऐप्स की लिस्ट बनाने की कोशिश करें जिन्हें आपने पिछले कुछ सालों में इस्तेमाल किया है. खासकर पुराने शॉपिंग अकाउंट, फोरम, गेमिंग वेबसाइट, ट्रायल सर्विस, सोशल मीडिया और न्यूजलेटर को चेक करें. इसके बाद जो अकाउंट अब किसी काम का नहीं है, उसे केवल लॉगआउट करके न छोड़ें. अगर प्लेटफॉर्म पर डिलीट का ऑप्शन है तो अकाउंट को पूरी तरह से डिलीट करना ज्यादा बेहतर ऑप्शन माना जाता है.
Delete करने से पहले ये काम जरूर करें
किसी पुराने अकाउंट को डिलीट करने से पहले उसमें मौजूद जरूरी फोटो, डॉक्यूमेंट या दूसरी जानकारी का बैकअप ले लें. इसके बाद पर्सनल जानकारी हटाएं और पेमेंट से जुड़ी जानकारी, सेव किए गए कार्ड या दूसरी जरूरी डिटेल्स को भी चेक करें. अगर अकाउंट डिलीट नहीं करना चाहते हैं तो कम से कम एक मजबूत और यूनिक पासवर्ड लगाएं और जहां संभव हो वहां Two-Factor Authentication (2FA) ऑन करके रखें.
यह भी पढ़ें: 4 साल में बदल गया टीवी देखने का तरीका, इस फॉर्मेट में बढ़े 3 गुना व्यूअर्स
