देश में खाने-पीने की चीजों की शुद्धता और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार राज्यों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दे रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा कि लोगों को सुरक्षित भोजन और अच्छी गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए राज्यों को जांच व्यवस्था बेहतर करने, तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है.
बेंगलुरु में गुरुवार को आयोजित खाद्य सुरक्षा और दवा प्रशासन पर राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में स्वास्थ्य सचिव ने ये बातें कहीं. सम्मेलन का विषय ‘सुरक्षित भोजन, सुरक्षित दवा और स्वस्थ राष्ट्र’ था. इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों, नियामक संस्थाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था.
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि खाद्य और दवा से जुड़ी नियामक संस्थाएं लोगों की सेहत की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती हैं. उन्हें अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और प्रभावी तरीके से निभानी चाहिए. साथ ही आम लोगों की सेहत की सुरक्षा और कारोबार करने में आसानी के बीच संतुलन बनाना भी जरूरी है.
सिर्फ मिलावट रोकना काफी नहीं, पौष्टिक भोजन को भी बढ़ावा देना जरूरी
खाद्य सुरक्षा पर बात करते हुए पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि खाने की चीजों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के साथ लोगों को बेहतर और पौष्टिक भोजन के लिए भी जागरूक करना होगा. इसके लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और भोजन बनाने व रखने के दौरान साफ-सफाई के नियमों का पालन कराने पर ध्यान देना होगा.
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की वैधता हमेशा के लिए होने के कारण अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. ऐसे में खाद्य कारोबार से जुड़ी इकाइयों की नियमित निगरानी और जोखिम के आधार पर जांच करना जरूरी है. उन्होंने राज्यों से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जोखिम आधारित जांच व्यवस्था पर अपने सुझाव देने को भी कहा.
नकली और मिलावटी दवाओं पर रोक लगाने के लिए राज्यों को मजबूत करना जरूरी
दवाओं की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्यों के दवा नियामक विभागों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है. इसके लिए जांच व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीक का अधिक इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया. उन्होंने राज्यों से SHRESHT (स्टेट हेल्थ रेगुलेटरी एक्सीलेंस इंडेक्स) नाम के ऑनलाइन मूल्यांकन टूल की समीक्षा करने और इस पर अपने सुझाव देने की अपील की.
इसके जरिए राज्यों की दवा नियामक व्यवस्था की क्षमता और कामकाज का आकलन किया जा सकेगा. इसके अलावा डिजिटल ड्रग रेगुलेटरी सिस्टम (DDRS) तैयार करने में भी राज्यों की भागीदारी जरूरी बताई गई. स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि इस सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए राज्यों को अपने अनुभव और सुझाव साझा करने चाहिए.
क्लिनिकल ट्रायल में पारदर्शिता पर भी जोर
स्वास्थ्य सचिव ने दवाओं के क्लिनिकल ट्रायल में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की जरूरत बताई. उन्होंने क्लिनिकल ट्रायल कराने वाली कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (CRO) संस्थाओं के कामकाज में भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
