Headlines

खेत में मौसम स्टेशन लगाने के फायदे, जानें कितनी होगी कमाई?


Weather Station: खेती-किसानी में आज के दौर की सबसे बड़ी परेशानी है अचानक बदलता मौसम. कभी बेवक्त की बारिश तो कभी अचानक बढ़ी धूप महीनों की खून-पसीने की मेहनत पर पानी फेर देती है. लेकिन अब किसान मौसम के बारे में जानकारी के लिए पुराने अंदाजों के भरोसे बैठने के बजाय सीधे टेक्नोलॉजी का सहारा ले रहे हैं. खेतों में लगने वाले छोटे ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन यानी मौसम स्टेशन खेती का पूरा नक्शा ही बदल रहे हैं. 

यह छोटा सा स्मार्ट गैजेट सीधे किसान के खेत में लग जाता है और मोबाइल फोन पर लाइव मौसम, मिट्टी की नमी, हवा की रफ्तार और बारिश का बिल्कुल डेटा भेजता रहता है. सबसे खास बात यह है कि यह डिवाइस केवल फसल को नुकसान से बचाने का काम नहीं करती. बल्कि सही प्लानिंग के साथ किसानों को तगड़ी बचत और बेहतरीन एक्सट्रा कमाई का सीधा मौका भी दे रही है. जानें कैसे किसान कर सकते हैं इससे कमाई.

क्या हैं मौसम स्टेशन लगाने के फायदे?

वेदर स्टेशन एक ऐसा डिजिटल सिस्टम है जो सोलर पैनल और स्मार्ट सेंसर्स के जरिए खेत में 24 घंटे एक्टिव रहता है. यह आपकी जमीन का तापमान, हवा में नमी, बारिश की सही जानकारी और मिट्टी के अंदर का मॉइस्चर लेवल लगातार नापता रहता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि आपको पहले ही पता चल जाता है कि अगले 24 से 48 घंटों में बारिश होने वाली है या नहीं. 

इससे बेवजह की जाने वाली सिंचाई का भारी डीजल और बिजली का खर्चा तुरंत बच जाता है. इसके अलावा हवा की दिशा और नमी देखकर किसान सही समय पर कीटनाशक और खाद का छिड़काव कर पाते हैं, जिससे दवाएं हवा में उड़कर या बारिश में धुलकर बर्बाद नहीं होतीं. सही समय पर जानकारी मिल जाने से फसल की क्वालिटी अच्छी बनी रहती है और हर सीजन में 20 से 30 फीसदी तक की सीधी बचत होने लगती है.

खेत में मौसम स्टेशन लगाकर कैसे होगी कमाई?

अब कई लोगों के मन में यह सवाल भी आ रहा होगा कि खेत में मौसम स्टेशन लगाकर कमाई कैसे होगी. तो आपको बता दें इसे लगाने पर सीधे तौर पर आपको कोई पैसे नहीं दिए जाएंगे. आप लेकिन इसके लगने से आपकी खेती की लागत कम हो जाएगी जिससे आपकी बचत होगी. इसके अलावा मौसम स्टेशन अपने आसपास के 4 से 5 किलोमीटर का एरिया कवर करता है. जिससे आप चाहें तो अपने आसपास के खेत वाले किसानों से भी संपर्क कर सकते हैं. 

और उन्हें अपने मौसम स्टेशन की सर्विसेज एक छोटा सा मंथली या फिर एनुअल चार्ज लेकर दे सकते हैं. यह तरीका भी आज के समय में काफी इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके अलावा आपको बता दें बहुत से एग्री-टेक स्टार्टअप्स, फसल बीमा कंपनियां और कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग कराने वाली प्राइवेट एजेंसियां हाइपर-लोकल वेदर डेटा खरीदने के लिए अच्छी रकम देती हैं. यहां से भी आप अच्छी कमाई कर सकते हैं. 

यह भी पढ़ें: केले में फंसाएं इलायची और गमले में लगा दें, कुछ ही दिनों में होगी तगड़ी कमाई
खेत में मौसम स्टेशन लगाने के फायदे, जानें कितनी होगी कमाई?

कितनी आती है लागत?

बाजार में एक बेसिक से लेकर एडवांस ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन की कीमत अमूमन 25000 रुपये से शुरू होकर 70000 रुपये तक जाती है. यह पूरी तरह वन-टाइम इनवेस्टमेंट है. जो पहली दो फसलों में ही अपनी पूरी लागत वसूल कर देता है. केंद्र और राज्य सरकारें भी स्मार्ट एग्रीकल्चर और डिजिटल फार्मिंग मिशन के तहत ऐसे ऑटोमैटिक गैजेट्स पर कई योजनाओं में 40 से 50 फीसदी तक की सब्सिडी ऑफर कर रही हैं. 

इसे लगाने के लिए कोई बड़े अनुभवी इंजीनियर नहीं चाहिए होते. इसे खेत के बीचों-बीच एक नार्मल से पोल पर खुद ही कसकर इंस्टॉल किया जा सकता है. यह डिवाइस सीधे आपके स्मार्टफोन की ऐप से कनेक्ट हो जाती है. जिसे कोई भी आसानी से हिंदी या अपनी लोकल भाषा में ऑपरेट कर सकता है. इसे लगाने के बाद यकीनन आपकी खेती की लागत घटेगी और कमाई बढ़ेगी.

यह भी पढ़ें: मसालों की खेती के लिए सरकार देगी मदद, जानें कैसे?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *