गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही घरों में बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. गणपति की मूर्ति लाने से लेकर पूजा की जगह सजाने और भोग की तैयारी तक, हर चीज का अपना महत्व होता है. इस दौरान भगवान गणेश को अलग-अलग तरह की मिठाइयों का भोग लगाया जाता है, लेकिन मोदक का नाम सबसे पहले आता है. माना जाता है कि मोदक भगवान गणेश को प्रिय है, इसलिए गणेश उत्सव में इसे खास तौर पर बनाया जाता है. वैसे तो बाजार में कई तरह के मोदक आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन घर पर बने ताजे मोदक की बात ही अलग होती है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती। तो चलिए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट मोदक बनाने का आसान तरीका.
मोदक बनाने के लिए चाहिए ये सामान
घर पर मोदक बनाने के लिए सबसे पहले इसकी जरूरी सामग्री तैयार कर लें. इसके लिए करीब एक कप चावल का आटा, एक कप कद्दूकस किया हुआ नारियल, आधा कप गुड़, एक चम्मच घी और थोड़ी सी इलायची की जरूरत होगी. आप चाहें तो इसमें बारीक कटे हुए काजू और बादाम भी डाल सकते हैं. इसके अलावा आटा तैयार करने के लिए पानी और स्वाद के हिसाब से थोड़ा नमक लिया जा सकता है. सामग्री पहले से तैयार रहेगी तो मोदक बनाते समय ज्यादा परेशानी नहीं होगी.
ऐसे तैयार करें मोदक की मीठी भरावन
मोदक के अंदर भरी जाने वाली सामग्री इसका स्वाद बढ़ाने का काम करती है. इसे बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें. इसे धीमी आंच पर कुछ देर भूनने के बाद इसमें गुड़ डाल दें. अब दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं. जब गुड़ पिघल जाए और नारियल के साथ अच्छी तरह मिल जाए तो इसमें इलायची डालें. चाहें तो इस समय थोड़े काजू और बादाम भी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि भरावन को बहुत ज्यादा गीला न रखें, वरना बाद में मोदक का आकार देने में दिक्कत हो सकती है.
यह भी पढ़ें : घर में कैसे बनाएं गोल्डन मोदक? कमाल की है यह रेसिपी
अब तैयार करें मोदक का आटा
भरावन तैयार होने के बाद मोदक की बाहरी परत बनाने की बारी आती है. इसके लिए एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा घी और हल्का सा नमक डालें. पानी गर्म होने पर गैस धीमी करके इसमें चावल का आटा डालें और लगातार चलाते रहें. जब आटा पानी के साथ अच्छी तरह मिल जाए तो गैस बंद कर दें और बर्तन को कुछ देर ढककर रख दें. मिश्रण हल्का गर्म रहने पर इसे हाथ से अच्छी तरह गूंथ लें. आटा नरम होना चाहिए, ताकि मोदक बनाते समय इसमें दरार न आए.
मोदक को दें खूबसूरत आकार
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोई बना लें. एक लोई को हाथ से दबाकर थोड़ा चपटा करें और इसे कटोरी जैसा आकार दें. इसके बीच में नारियल और गुड़ की तैयार भरावन रखें. अब इसके किनारों को उंगलियों की मदद से ऊपर की तरफ लाते हुए बंद करें और मोदक का आकार दें. अगर आपके पास मोदक बनाने का सांचा है तो उसकी मदद भी ले सकते हैं.
भाप में पकाकर करें तैयार
अब स्टीमर में थोड़ा पानी गर्म करें और उसके ऊपर मोदक रख दें. इन्हें करीब 10 से 15 मिनट तक भाप में पकाया जा सकता है. पकने के बाद मोदक की बाहरी परत नरम और हल्की चमकदार दिखाई देने लगेगी. इन्हें स्टीमर से निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद ऊपर से थोड़ा घी लगाएं. अब आपके घर के बने स्वादिष्ट मोदक गणपति बप्पा को भोग लगाने के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें : घर पर बनाएं बनारस की खास खस्ता कचौड़ी, छा जाएगा जादू
