राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत तीन नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर के साथ ही एक नगर पालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव टाल दिए गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिए हैं.
एक नगर निकाय में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव भी टाले गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम जयपुर, नगर निगम जोधपुर, नगर निकाय कोटा और नगरपालिका सुकेत के लिए यह आदेश जारी किया है. नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होने थे, जबकि नगर पालिका में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन चुने जाने थे.
कई बूथों पर जारी नहीं हो सके परिणाम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सोमवार (14 सितंबर) को मतगणना के दौरान कुछ बूथों की ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम जारी नहीं हो पाए हैं. इन बूथों के परिणाम नहीं आने से चारों निकायों के चुनाव परिणाम अभी पूरी तरह घोषित नहीं हो सके हैं. परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं होने के कारण मेयर – डिप्टी मेयर व अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव तय तारीख पर कराना संभव नहीं है.
बाद में जारी होगी नई तारीख
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्थिति को देखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव आगामी आदेश तक रोक दिए हैं. आयोग का कहना है कि इन चारों निकायों के प्रमुख और उप प्रमुख चुनाव की नई तारीख बाद में जारी की जाएगी.
चुनाव टलने से बढ़ी सियासी हलचल
वहीं चुनाव नतीजों के बीच चार निकायों में मेयर – डिप्टी मेयर व अध्यक्ष – उपाध्यक्ष के चुनाव टलने से सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं और पूरे मामले को लेकर जवाब मांगा है. कांग्रेस पार्टी का कहना है कि एक देश एक चुनाव का दावा करने वाली बीजेपी के राज में ईवीएम खराब हो रही है. ईवीएम की विश्वसनीयता पहले ही सवालों के घेरे में है
‘सरकार के दबाव में काम कर रहा राज्य निर्वाचन आयोग’
प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य निर्वाचन आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का भी आरोप लगाया है. वहीं अब निगाहें निर्वाचन आयोग के अगले आदेश पर हैं, जिससे यह साफ होगा कि बाकी परिणाम कब जारी होंगे और अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव कब कराए जाएंगे.
