बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने हर किसी को चौंका दिया है. रविवार को उन पर 7 राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना के वक्त टाइगर अपनी कार में बैठे थे. हालांकि, वो सुरक्षित हैं और अस्पताल में इलाज के बाद घर लौट आए हैं. लेकिन ऐसा पहली बार नहीं है, जब किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी को इस तरह के हमले का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले भी कई फिल्मी सितारे और फिल्ममेकर्स अंडरवर्ल्ड के निशाने पर आ चुके हैं. आइए जानते हैं, कब-कब बॉलीवुड की हस्तियों पर हमले हुए.
रोहित शेट्टी के घर के बाहर चली थीं गोलियां
फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी फरवरी 2026 में फायरिंग की घटना हुई थी. हमलावरों ने उनके घर के बाहर पांच गोलियां चलाई थीं. इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी. राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. फायरिंग के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर मौजूद थे.
सलमान खान के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
अप्रैल 2024 में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग हुई थी. बाइक सवार दो हमलावरों ने उनके घर के बाहर पांच गोलियां चलाई थीं. इस मामले में मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था. मामले में विक्की गुप्ता, सागर पाल, हरपाल सिंह, सोनू कुमार बिश्नोई और मोहम्मद रफीक चौधरी समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चला. वहीं, छठे आरोपी अनुज कुमार थापन की मई 2024 में पुलिस हिरासत के दौरान मौत हो गई थी. सलमान खान को इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं.
राकेश रोशन पर हुआ था जानलेवा हमला
साल 2000 में फिल्ममेकर राकेश रोशन पर भी जानलेवा हमला हुआ था. उस साल जनवरी में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था. फिल्म की रिलीज के करीब एक हफ्ते बाद मुंबई के सांताक्रूज इलाके में उन पर गोलियां चलाई गईं. इस हमले में राकेश रोशन घायल हो गए थे. हमलावरों की चलाई गई गोलियों में से एक उनकी बाईं बांह में लगी, जबकि दूसरी उनके सीने को छूकर निकल गई.
गुलशन कुमार की गोली मारकर हुई थी हत्या
टी-सीरीज के फाउंडर गुलशन कुमार की हत्या बॉलीवुड के इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक है. अगस्त 1997 में मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित जितेश्वर महादेव मंदिर के बाहर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उन पर 16 गोलियां चलाई थीं. गुलशन कुमार के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थी.
कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी हुई फायरिंग
मशहूर कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा के कनाडा के सरे स्थित रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ पर भी कई बार गोलीबारी हो चुकी है. साल 2025 में जुलाई से अक्टूबर के बीच उनके कैफे को तीन बार निशाना बनाया गया. इसके बाद 2026 में भी कैफे के ठीक बगल में स्थित ‘चाय सुट्टा बार’ पर गोलियां चलाई गईं. बताया गया कि इस हमले का मुख्य निशाना कपिल शर्मा का आउटलेट था. इन हमलों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी.
