टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने अपने पति और उनके परिवार वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर गंभीर आरोप लगाए हैं. ‘रब से है दुआ’ और ‘कलीरें’ जैसे टीवी शोज में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है.
अदिति शर्मा ने ससुराल वालों पर दर्ज कराई FIR
FIR में कहा गया है कि अदिति ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, अपनी सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा की शिकायत की है. ये भी आरोप है कि एक्ट्रेस की सास ने उनके शादी के गहने अपने पास रख लिए थे और कई बार मांगने पर भी उन्हें वापस नहीं किया.
ये भी पढ़ेंः ‘क्या हालत हो गई है आपकी…’ PM मोदी का सपोर्ट कर ट्रोल हो रही हैं भूमि पेडनेकर
पुलिस को दिए अदिति के बयान के मुताबिक, वो पहली बार अभिनीत से जून 2021 में मिली थीं, जब वो ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स कर रही थीं. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती रिश्ते में बदल गई. बताया जाता है कि सितंबर 2024 में वे गोरेगांव वेस्ट में एक किराए के फ्लैट में रहने लगे और 12 नवंबर 2024 को दोनों परिवारों की सहमति से शादी कर ली.

अदिति ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उनके पति का व्यवहार बदलने लगा. उनके मुताबिक, उनके कपड़ों और कई छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े होते थे. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि घर चलाने का खर्च उठाने के बजाय, वो उनसे पैसे मांगते थे.
पति को होने लगा कैरेक्टर पर शक
इसके अलावा, उनके आरोपों के मुताबिक, स्थिति तब और बिगड़ गई जब 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर काफी विवाद हुआ और ये बहस बढ़ती गई. अदिति ने आरोप लगाया कि इसके बाद, उनके पति को उनके कैरेक्टर पर शक होने लगा और उन्होंने उन पर धोखा देने का आरोप लगाया.

वो अक्सर उनका मोबाइल फोन चेक करने लगे और आखिरकार उनके साथ एक ही कमरे में रहना भी बंद कर दिया. फिलहाल, गोरेगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ेंः दो मिसकैरेज का दर्द झेल चुकी हैं नौहीद साइरूसी, बोलीं- IVF नहीं कराना चाहती थी
