मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के बीच महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है. मुंबई की शिवाजी पार्क पुलिस ने कल (रविवार, 11 अक्टूबर) के प्रोटेस्ट के सिलसिले में यह केस दर्ज किया है. इसमें आदित्य ठाकरे, अमित ठाकरे, संदीप देशपांडे, वरुण सरदेसाई, महेश सावंत समेत 25 लोग नामजद हैं.
शिवसेना यूबीटी और मनसे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जो एफआईआर की गई है, उनमें BNS की 189(2), 37(1), 37(3), और 135 धाराएं शामिल हैं.
CJI से मुलाकात न होने पर भड़के संजय राउत, कहा- ‘INDIA ब्लॉक SC…’
प्रदर्शन में हुई थी धक्का-मुक्की
दरअसल, बीते दिन 11 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क इलाके में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के समर्थन में शुरू हुआ प्रदर्शन रविवार को तेज हो गया. शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अमित ठाकरे सैकड़ों समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे. इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया और नारेबाजी की.
प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया समेत अनेक लोगों को हिरासत में लिया गया. आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पास में स्थित सेना भवन के बाहर महिला समेत शिवसेना यूबीटी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उनके साथ धक्का-मुक्की की.
आदित्य ठाकरे ने दी थी आंदोलन तेज होने की चेतावनी
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य ने दावा किया कि इस दौरान पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता की साड़ी फट गई. आदित्य ने कहा, “मैं पूरे मुंबई के लोगों से शिवाजी पार्क आने की अपील कर रहा हूं. अब यह विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा. अगर आपने प्रदर्शनकारियों को हाथ लगाया, तो गद्दार (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक आंदोलन तेज रहेगा.”
वहीं, अमित ठाकरे ने कहा, “कल से हमारे मनसे कार्यकर्ता वहां (प्रदर्शन करने के लिए) मौजूद रहेंगे.” प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं दमानिया ने कहा, “जब मैं सीजेपी के समर्थन में शिवाजी पार्क पहुंची, तो सादे कपड़ों में आए पुलिस अधिकारियों ने मुझे हिरासत में ले लिया. सभी पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और मुझे नहीं पता कि वे मुझे कहां ले जा रहे हैं.” अधिकारियों ने बताया कि इलाके से हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोगों को शिवाजी पार्क पुलिस थाने में भेज दिया गया है. कुछ लोगों को पास के अन्य पुलिस थानों में ले जाया गया है.
महाराष्ट्र: सूखा राहत बैठक से दोनों डिप्टी CM दूर, क्या महायुति में सब ठीक है?
