राजस्थान के डूंगरपुर जिला मुख्यालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुराने शहर के सोनिया चौक इलाके में किराए के कमरे में एक ऑटो चालक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान ओबरी अंबाडा निवासी अक्षय श्रीमाली के रूप में हुई है. अक्षय पिछले कुछ समय से डूंगरपुर शहर के सोनिया चौक इलाके में किराए के कमरे में रह रहा था। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. शनिवार को स्थानीय लोगों को उसके कमरे में संदिग्ध स्थिति की जानकारी मिली. जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
यह भी पढ़ें- ‘वंदे मातरम् का अपमान…’, गजेंद्र सिंह शेखावत का कांग्रेस पर हमला
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां अक्षय फंदे से लटका हुआ मिला. पुलिस ने युवक को नीचे उतारा और गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर के श्री हरिदेव जोशी जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी.
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
अक्षय ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है. पुलिस कमरे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के पहुंचने और उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
परिवार में मचा कोहराम, जांच जारी
ऑटो चालक अक्षय श्रीमाली की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
यह भी पढ़ें- झालावाड़ में बस के ब्रेक फेल होने पर हुआ हादसा, 4 लोगों की मौत
