आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ के रमाबाई मैदान में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में युवाओं को पक्की नौकरी देने का फैसला किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे. इनमें एक मुस्लिम और दूसरा पिछड़े वर्ग से होगा.
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को लखनऊ में एक संयुक्त रैली की जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंच से कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने इस दौरान मंच से महाराजगंज में मारे गए विनोद साहनी की पत्नी आशा साहनी को चुनाव लड़ाने का भी ऐलान किया जिनकी हत्या के बाद मंत्री संजय निषाद ने धरना दिया था.
योगी सरकार पर साधा निशाना
चंद्रशेखर ने कहा कि 2017 में जब वह जेल से बाहर आए थे, तब उत्तर प्रदेश में एक गठबंधन हुआ था. उन्होंने उस गठबंधन का समर्थन किया था. डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, यदि उसे चलाने वाले हाथ अच्छे नहीं होंगे तो उसका गलत इस्तेमाल किया जाएगा.
‘भाई, अब तुम खत्म हो गए…’, जया प्रदा का जिक्र कर आज़म खान ने सुनाया पुराना किस्सा
उन्होंने कहा कि सरकार ने सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया था लेकिन, उनके समाज का विकास नहीं हुआ. आज देश में 81 करोड़ लोग सस्ता राशन लेने को मजबूर हैं. ये वही लोग हैं जो आर्थिक रूप से सबसे निचले स्तर पर हैं. उत्तर प्रदेश में आज भी पांच करोड़ लोग गरीब हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
दलित-मुस्लिम अत्याचार का मुद्दा उठाया
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों और मुसलमानों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे हैं. उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि एनकाउंटर में सबसे ज्यादा पिछड़े और दलित समाज के लोगों को निशाना बनाया गया है.
नगीना सांसद ने कहा कि योगी सरकार 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने की बात कर रही है, लेकिन यह नहीं बता रही कि इनमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कितने लोग शामिल हैं. उन्होंने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय के मामले में 24वें स्थान पर होने का दावा करते हुए कहा कि यही पिछले 10 वर्षों का विकास है.
सपा-भाजपा को वोट देने वालों पर निशाना
चंद्रशेखर ने भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज का कोई भी व्यक्ति अगर सपा और भाजपा को वोट देता है तो उसे अपनी आने वाली पीढ़ियों को इसका जवाब देना पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने स्मारकों और कॉलेजों के नाम बदल दिए.
भाजपा के लोग संविधान बदलने की बात करते हैं. अब्दुल उनके साथ सिर्फ दरी बिछाने का काम नहीं करेगा, बल्कि डिप्टी सीएम बनेगा. पिछड़े वर्ग से भी एक व्यक्ति को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा. चंद्रशेखर ने कहा कि यह लड़ाई पूंछ की नहीं, मूंछ की लड़ाई है.
