Headlines

‘दलेर मेहंदी से माफी मांगनी पड़ेगी…’ मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से मांगा 35 लाख रुपये का सबूत


सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद अब बढ़ता नजर आ रहा है. इस मामले में दलेर मेहंदी को उनके भाई और सिंगर मीका सिंह लगातार सपोर्ट कर रहे हैं. वो सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपनी बात रख रहे हैं. अब मीका ने उनियाल से दलेर को 35 लाख रुपये देने के दावे का सबूत मांगा है. साथ ही उन्होंने दलेर पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाने और स्टेज पर उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए माफी मांगने को कहा है.

ये विवाद रविवार को उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान शुरू हुआ था. यहां नवरात्रि के कार्यक्रम में दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे. इसी दौरान सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे और उन पर शराब पीकर गाने का आरोप लगाया. उन्होंने दलेर मेहंदी को स्टेज से उतरने के लिए भी कहा. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.

35 लाख रुपये देने का सबूत मांगा

सुबोध उनियाल ने हाल ही में दावा किया था कि कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे. अब इस पर मीका सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सुबोध उनियाल से भुगतान का सबूत सार्वजनिक करने को कहा. मीका ने लिखा, ‘सर, आपने 35 लाख रुपये कैश में दिए थे या चेक से? अगर आपके पास इसकी रसीद है, तो कृपया उसे सबके सामने रखिए, ताकि लोगों को सच्चाई पता चल सके. धन्यवाद.’

मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का किया बचाव

मीका सिंह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दलेर मेहंदी का समर्थन करने वालों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा, ‘नमस्कार सभी को! बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी सिंगर्स, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों का प्यार और समर्थन देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरी बात सीधी है- दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं और उन पर इस तरह के आरोप लगाना बिल्कुल गलत है.’

मीका ने दलेर के साथ स्टेज पर हुए व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, ‘अगर किसी स्कूल या कॉलेज में टीचर किसी स्टूडेंट को डांट देता है, तो यह बड़ी बात बन जाती है. फिर इतने बड़े कलाकार का इस तरह अपमान करना कैसे सही हो सकता है?’

‘सुबोध उनियाल को माफी मांगनी चाहिए…’

उन्होंने सुबोध उनियाल को टैग करते हुए आगे लिखा, ‘मेरा मानना है कि माफी मांगी जानी चाहिए. जिस व्यक्ति ने दलेर मेहंदी जी पर शराब पीने के आरोप लगाए, उसे मानना चाहिए कि ये आरोप गलत थे और उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसके लिए माफी मांगनी चाहिए.’

मीका सिंह ने जताया उत्तराखंड को लोगों का आभार

मीका ने उत्तराखंड के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने दलेर का समर्थन किया. उन्होंने लिखा, ‘दलेर मेहंदी जी का साथ देने के लिए उत्तराखंड का धन्यवाद. कलाकार हमेशा उत्तराखंड से प्यार करते आए हैं, लेकिन अगर नेताओं की तरफ से कलाकारों का अपमान किया जाएगा, तो हम वहां परफॉर्म करने क्यों आएंगे?’

इसके अलावा, मीका ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इस मामले पर ध्यान देने और सुबोध उनियाल के व्यवहार को लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की.

स्टेज पर क्या हुआ था?

रविवार को नवरात्रि के कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे. इसी बीच सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे और उन पर शराब पीकर गाने का आरोप लगाया.

उनियाल ने कहा था, ‘नवरात्रि में मां दुर्गा का कार्यक्रम है और आप यहां शराब पीकर गा रहे हैं. यह सही नहीं है. हमने आपको इसलिए बुलाया था, ताकि हमारे लोगों का मनोरंजन हो सके. आप हमारा मजाक बना रहे हैं. यह गलत है. आपको इसलिए बुलाया गया क्योंकि आपका बड़ा नाम है. आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाएंगे कैसे?’

बाद में समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए उनियाल ने कहा, ‘वो बड़े कलाकार हैं. अगर कोई बड़ा कलाकार अपने काम के साथ न्याय नहीं करता, तो यह ठीक नहीं है. वो स्टेज पर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और उनकी हालत भी ठीक नहीं लग रही थी. इसके अलावा, वो अपने गानों पर सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि वो बड़े कलाकार हैं और उन्हें अपने काम के साथ न्याय करना चाहिए. उन्हें यहां परफॉर्म करने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन वो गा भी नहीं रहे थे. इसलिए मैंने अपनी नाराजगी जाहिर की.’

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सेलेब्स

बता दें कि इस मामले में मीका सिंह के अलावा हर्षदीप कौर, शान, शिल्पा शेट्टी, नील नितिन मुकेश, पलाश सेन, कपिल शर्मा, बादशाह, अनुपम खेर और अलीशा चिनॉय जैसे सेलेब्स ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन किया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *