अगर आपको भी टीवी पर नजर आने वाली जोड़ियों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री से ज्यादा उनकी रियल लाइफ बॉन्डिंग के बारे में जानने में दिलचस्पी रहती है तो ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ का सीजन 2 आपको लिए काफी खास होने वाला है. ‘धमाल विद पति, पत्नी और पंगा – रिश्तों का रियलटी चेक’ के सीजन 1 की सक्सेस के बाद अब मेकर्स सीजन 2 लेकर आ रहे हैं. इस शो में जो जोडियां दिखाई देंगी उनकी कंफर्म लिस्ट सामने आ चुकी है. इस शो में टीवी की 7 मशहूर जोडियां नजर आने वाली हैं. आइए जानते हैं कि इस लिस्ट में कौन-कौन शामिल है.
1. दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया इस सीजन की सबसे ज्यादा चर्चित जोड़ी हैं. दोनों अभी कुछ महीने पहले ही जुड़वा बेटों के पैरेंट्स बने हैं. 26 मई को ही उन्होंने ये गुड न्यूज दी थी. अब न्यू पैरेंट्स के रूप में दोनों पहली बार टीवी पर एक साथ वापसी कर रहे हैं. इनकी लव स्टोरी ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट से शुरू हुई थी. 2016 में शादी के बाद दोनों ने ‘नच बलिए’ भी जीता था.
2. अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी
अर्जुन बिजलानी और उनकी वाइफ नेहा स्वामी भी इस शो में दिखाई देने वाले हैं. इनकी शादी को 10 साल से ज्यादा हो गए हैं. इससे पहले ये जोड़ी ‘स्मार्ट जोडी’ नामक रियलिटी शो में साथ नजर आ चुकी है. इसके अलावा 2017 में ‘नच बलिए सीजन 8’ में दिव्यंका और विवेक को टक्कर देने वाली जोडी इनकी ही थी, हालांकि अर्जुन और नेहा जीत नहीं पाए थे और रनर-अप रहे थे. अर्जुन खुद को ज्यादा एक्सप्रेसिव मानते हैं, वे कहते हैं कि नेहा बहुत शांत है. तो शो में दोनों की नोकझोंक देखना मजेदार होगा.

3. दीपिका सिंह और रोहित राज गोयल
‘दीया और बाती हम’ फेम दीपिका सिंह अपने पति और डायरेक्टर रोहित राज गोयल के साथ शो में नजर आएंगी. दोनों की मुलाकात इसी शो के सेट पर हुई थी, जहां रोहित डायरेक्टर थे और दीपिका लीड रोल निभा रहीं थीं. सेट पर 12 से 14 घंटे साथ काम करते हुए दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ, लेकिन इसके बावजूद भी दीपिका रोहित को सेट पर सर कहकर ही बुलाती थीं. दोनों ने 2014 में शादी कर ली. ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ उनके लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यह बतौर कपल उनका पहला टीवी रियलिटी शो है. दीपिका ने कहा है कि ऑडियंस को इस शो के जरिए फैंस को उनकी ऑनस्क्रीन छवि से अलग उनकी असल जिंदगी और शादीशुदा रिश्ते की झलक मिलेगी.

4. राहुल वैद्य और दिशा परमार
सिंगर राहुल वैद्य और दिशा परमार भी इस शो में हिस्सा लेने आ रहे हैं. दोनों ने 2021 में शादी की थी और अब ये भी पैरेंट्स बन चुके हैं. राहुल इस शो में आने को लेकर काफी एक्साइटेड हैं. उन्होंने कहा कि घर में भी हमारी नोक झोंक होती है लेकिन अब इसे फैंस काफी करीब से देखने वाले हैं. राहुल ने कहा, ‘मैं कॉम्पिटीटिव नेचर का हूं इसलिए मैं गेम को बहुत सीरियसली लूंगा और दिशा मेरे साथ हैं तो वो मुझे याद दिलाती रहेंगी कि मुझे शांत रहना चाहिए.’ मतलब इनकी भी केमिस्ट्री देखने लायक होगी.

5. मनोज तिवारी और सुरभि तिवारी
भोजपुरी एक्टर और सिंगर मनोज तिवारी अपनी वाइफ सुरभि के साथ इस शो में आएंगे. सुरभि अक्सर लाइमलाइट से दूर रहती हैं, इसलिए इस शो में उनको मनोज तिवारी के साथ देखना काफी दिलचस्प होगा. मनोज ने खुद कहा है कि उनके लिए वाइफ के साथ ये शो करना बहुत स्पेशल है.

6. अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी
इस लिस्ट में सबसे लंबे रिश्तों में से एक अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी का है. दोनों की शादी को 34 साल हो चुके हैं. शादी से पहले करीब 4 साल तक दोनों रिलेशनशिप में थे. अब ये कपल अपने रिश्ते की केमिस्ट्री को रियलिटी शो में लेकर आ रहा है. अर्चना ने अपने रिश्ते को प्यार, दोस्ती और समझ पर आधारित साझेदारी बताया है. उन्होंने ये भी कहा कि इतने सालों से एक-दूसरे की आदतों को समझने के बाद उनके लिए ‘पंगा’ कोई नई चीज नहीं है. शो में इस जोड़ी की मजाकिया अंदाज देखने को मिलेगा.

7. शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल
शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल भी इस सीजन में साथ नजर आएंगे. दोनों आमतौर पर अपनी पर्सनल लाइफ को लो-प्रोफाइल रखते हैं और रियलिटी शो में भी कम ही नजर आए हैं. शब्बीर के मुताबिक, दोनों के रिश्ते में दोस्ती शुरू से ही अहम रही है. उन्हें खेल, रोमांच और एडवेंचर पसंद है, इसलिए शो के टास्क उनके रिश्ते के एक अलग पहलू को सामने ला सकते हैं. शब्बीर ने यह भी बताया कि कांची आम जिंदगी में शांत रहती हैं, लेकिन किसी गेम में उतरने के बाद उनका कॉम्पिटीटिव अंदाज सामने आ सकता है.

