2 बार की ओलंपिक मेडल विजेता मनु भाकर एशियन गेम्स से पदक लिए बिना लौटेंगी. मनु 25 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भी मेडल नहीं जीत पाई हैं. मेडल जीतना तो दूर, मनु फाइनल के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाईं. इसी इवेंट में ईशा सिंह ने सिल्वर मेडल जीत लिया है. फाइनल में बहुत कांटेदार टक्कर देखने को मिली. अंतिम सीरीज तक ईशा सिंह और चीन की खिलाड़ी शाओ जियारुईशुआन 38-38 से बराबरी पर थीं, लेकिन शूटऑफ में ईशा को हार मिली.
मनु भाकर क्वालीफिकेशन राउंड में 11वें स्थान पर रहीं. उन्होंने 579 का स्कोर किया था, जबकि उनसे सिर्फ एक अंक ज्यादा स्कोर करने पर ईशा सिंह को फाइनल का टिकट मिल गया. क्वालीफिकेशन राउंड में केवल टॉप-8 खिलाड़ी ही फाइनल में जाते हैं. इसी इवेंट में भारत की राही सरनोबाट ने भी भाग लिया था, लेकिन उन्होंने सबसे ज्यादा निराश किया और क्वालीफिकेशन में 30वें स्थान पर रहीं.
ईशा सिंह ने जीता सिल्वर
ईशा सिंह ने 25 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है, जबकि गोल्ड मेडल चीन की शाओ जियारुईशुआन ने जीता. 7 सीरीज के बाद सिर्फ 26 का स्कोर कर पाई थीं और एलिमिनेशन के बहुत करीब थीं. वहां से ईशा ने जबरदस्त वापसी की और फिर नॉर्थ कोरिया की हयोन सुक किम के साथ उनका तीन बार शूटऑफ चला. सांसे रोक देने वाले इस मैच में किम को मात देकर ईशा ने मेडल पक्का कर लिया था. इस इवेंट का वर्ल्ड रिकॉर्ड ईशा सिंह के नाम है.
सिर्फ एक अंक का अंतर
उसके बाद गोल्ड मेडल के लिए ईशा सिंह और शाओ जियारुईशुआन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. आखिरी सीरीज तक दोनों शूटर 38-38 से बराबरी पर थीं, ऐसे में विजेता के लिए शूटऑफ का सहारा लिया गया. शूटऑफ में भी 4 शॉट्स तक मुकाबला बराबरी का चल रहा था, लेकिन ईशा आखिरी शॉट मिस कर गईं जबकि चीनी एथलीट ने सही निशाना साधकर गोल्ड मेडल पक्का किया.
भारत के पास 39 मेडल
भारत ने अब तक 2026 एशियन गेम्स में कुल 39 मेडल जीते हैं, जिनमें 4 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज शामिल हैं. अब तक भारत ने शूटिंग में 12 मेडल जीते हैं और सबसे ज्यादा पदक अभी तक एथलेटिक्स में आए हैं. एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 13 मेडल जीत लिए हैं.
यह भी पढ़ें:
क्या सेमीफाइनल में होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर? जानिए फाइनल तक का शेड्यूल
