Headlines

पानीपत में 12वीं पास फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, MD एडमिशन के नाम पर 15 से ज्यादा लड़कियों से ठगे लाखों


हरियाणा के पानीपत में साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने मेडिकल छात्रों (MBBS) को एमडी में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर ठग को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को पीजीआई चंडीगढ़ का डॉक्टर बताकर सोशल मीडिया पर लड़कियों को फंसाता था.

उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सतीश वत्स ने बताया कि चांदनी बाग क्षेत्र निवासी डॉ. हरसिमरन कौर (जो वर्तमान में UCMC दिल्ली से पीजी कर रही हैं) ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. डॉ. कौर ने बताया कि 2022 में एमबीबीएस पूरी करने के बाद उन्हें पोस्ट ग्रेजुएशन (MD) करनी थी. इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसकी आईडी Drnikhil90 नाम से थी.

आरोपी ने खुद को चंडीगढ़ पीजीआई का डॉक्टर बताया और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) लखनऊ में ‘एमडी डर्मेटोलॉजी’ में दाखिला कराने का पक्का आश्वासन दिया. विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने रेडिफमेल पर फर्जी आईडी बनाकर KGMU लखनऊ के नाम से एक फर्जी कंफर्मेशन ईमेल भी भेजा.

गुरुग्राम में पुलिस का बड़ा एक्शन, सिंगर फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर गोलियां बरसाने वाला ढेर

एडमिशन नहीं होने पर खुला राज

पीड़िता ने ‘डॉक्टर निखिल’ की बातों पर विश्वास कर लिया और उसके बताए बैंक खातों में यूपीआई के जरिए 14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. जब काफी समय बाद भी एडमिशन नहीं हुआ, तो पीड़िता अपने परिजनों के साथ KGMU लखनऊ पहुंची. वहां पता चला कि उनका कोई दाखिला नहीं हुआ है और वह ईमेल भी फर्जी था. इसके बाद ‘डॉक्टर निखिल’ का नंबर भी बंद आने लगा. ठगी का अहसास होने पर डॉ. कौर ने पुलिस में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कराया.

एसपी के निर्देश पर यूपी से दबोचा गया शातिर

पुलिस अधीक्षक (SP) भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर दीपक की टीम को आरोपी को जल्द पकड़ने का जिम्मा सौंपा. तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गत बुधवार को यूपी के मुजफ्फरनगर स्थित कुटेसरा गांव से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी असली पहचान शाहदुजमान (पुत्र मोहम्मद अख्तर, निवासी कुटेसरा, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है.

12वीं पास है आरोपी, 15 से ज्यादा लड़कियों को ठगा

डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि रिमांड के दौरान पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं:

  • आरोपी सिर्फ 12वीं तक पढ़ा है, लेकिन मेडिकल छात्राओं को ठगने के लिए उसने ‘डॉ. निखिल’ के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाई और उस पर PGI चंडीगढ़ कैंपस की तस्वीरें लगा रखी थीं.
  • वह सिर्फ उन लड़कियों को टारगेट करता था जो MBBS कर रही हैं या कर चुकी हैं.
  • ठगी का पता चलने पर वह तुरंत लड़की का नंबर और आईडी ब्लॉक कर देता था.
  • वह अब तक विभिन्न राज्यों में 15 से ज्यादा लड़कियों से एडमिशन के नाम पर ठगी कर चुका है.
  • इससे पहले वह वर्ष 2020 में दिल्ली के हौज खास थाने में दर्ज ठगी के एक मामले में पकड़ा गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर था.

6 लाख रुपये फ्रीज, आरोपी जेल में

पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं. साथ ही, जिन बैंक खातों में ठगी की रकम गई थी, पुलिस ने उनमें मौजूद 6 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए हैं. तीन दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी शाहदुजमान को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है.

पानीपत में बहू के पहनावे से तंग आकर सास-ससुर ने खाया जहर, इलाज के दौरान दोनों की मौत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *