भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी में नई टीम का ऐलान आज पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया, जिसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर और बीजेपी एमएलसी तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इस पर तारिक मंसूर ने पार्टी का धन्यवाद दिया और कहा कि पार्टी और संगठन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाएगा.
तारिक मंसूर ने इस मौके पर कहा, “सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन व गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने मुझे इस लायक समझा.” इसके अलावा उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे पूरे दम से किया जाएगा. जितनी भारत सरकार और प्रदेश सरकार के योजनाएं चल रहीं हैं उसका फायदा हर वर्ग को मिल रहा है. सबका साथ सबका विकास के साथ आगे बढ़ेंगे. उन्होंने यूपी चुनाव को लेकर कहा कि बाकी चीजें भी हैं सब मिलकर काम करेंगे. 2047 विकसित भारत के लिए काम करेंगे.
यह भी पढ़ें: नितिन नवीन की टीम में यूपी से कटा इनका पत्ता, देखें पूरी लिस्ट
यूपी से दो मुस्लिम नेता राष्ट्रीय टीम में
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार दो मुस्लिम नेताओं को नई टीम में जगह दी है. तारिक मंसूर के अलावा कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है. इससे बीजेपी ने सन्देश दिया है कि वो जो सबका साथ सबका विकास और सबको साथ लेकर चलने की बात करती है, वो करके दिखाया भी है. इसके अलावा राजनीतिक विश्लेषक इसे यूपी में मुस्लिम मतों को रिझाने का प्लान बता रहे हैं. खासकर वेस्ट यूपी में ज्यादातर सीटों पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं. ऐसे में ये मुस्लिम चेहरे पार्टी की रणनीति पर फिट बैठ रहे हैं.
स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी
इसके अलावा इस बार पार्टी ने स्मृति ईरानी और राम माधव को वापस टीम में लिया है. लोकसभा चुनावों में हार के बाद बीते दो सालों से ईरानी हाशिये पर चल रहीं थीं, लेकिन उनकी वापसी से पार्टी ने जता दिया है कि अभी उनकी उपयोगिता है. इसके अलावा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को भी उपाध्यक्ष बनाया है. बुलंदशहर से लगातार तीन बार सांसद भोला सिंह को भी नई टीम में जगह मिली है.
यह भी पढ़ें: ‘अल्लाह के अलावा किसी की इबादत…’, वंदे मातरम विवाद पर बोले इमरान मसूद
