यूपी के फतेहपुर जिले में महिला ठेकेदार से 25 लाख रुपये की कथित जबरन मांग का मामला सामने आया है.आरोप है कि महिला की कार को तांबेश्वर चौराहे के पास रोककर दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की. महिला का आरोप है कि 25 लाख रुपये नहीं देने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई.
मामले में एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि यह मामला 29 मई 2026 की शाम का है.
मल्टी लेवल पार्किंग, कैशलेस बीमा से टैबलेट तक… CM योगी की वकीलों को सौगात
महिला ठेकेदार ने शिकायत में क्या कहा?
महिला ठेकेदार की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, वह अपनी कार से जा रही थी, तभी तांबेश्वर चौराहे के पास आरोपियों ने उसकी कार को रोक लिया.आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ गाली-गलौज की गई और अभद्रता करते हुए 25 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया.
महिला ने आरोप लगाया कि रकम देने से इनकार करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 191(2), 126(2), 352, 351(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
FIR में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें बीजेपी नेता संजय पाण्डेय, बीजेपी नेता प्रशून तिवारी, अमन अग्निहोत्री, लोकेश त्रिपाठी, शिक्षक प्रांशु द्विवेदी, अभिषेक बाजपेई, विभूति नारायण दीक्षित, आदर्श मिश्रा, प्रशान्त बाजपेई, राजा, रितेश और अंकित अग्निहोत्री शामिल हैं. अब पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है. इसके लिए दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की जांच कर पूरे मामले को उजागर किया जाएगा. अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.
वाराणसी में जलभराव पर योगी सरकार का एक्शन, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सस्पेंड
